Jammu-Kashmir News: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन पर पार्टी की आपत्ति पर सवाल उठाए। उन्होंने ये बातें जम्मू में नेशनल कॉन्फ्रेंस की ‘चलो दिल्ली’ रैली के दौरान कहीं। इसमें पार्टी ने राज्य का दर्जा बहाल करने की अपनी मांग को फिर से दोहराया।
उन्होंने पूछा, “क्या हमें राज्य का दर्जा पाने के लिए अमेरिका में राष्ट्रपति ट्रंप के व्हाइट हाउस जाना चाहिए? अगर हमें अपने ही देश की राजधानी में न्याय नहीं मिल सकता, तो हमें बताएं कि हमें कहां जाना चाहिए।” उन्होंने आगे कहा, “अगर जंतर-मंतर और संसद के बाहर विरोध करने से कोई फायदा नहीं होता है, तो बीजेपी को साफ-साफ बताना चाहिए कि राज्य के दर्जे की मांग कहां उठाई जानी चाहिए।”
उमर अब्दुल्ला ने जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के लिए मीरवाइज उमर फारूक कश्मीरी को बुलाने पर भारतीय जनता पार्टी की आलोचना का भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि बीजेपी और मीडिया के कुछ हिस्सों ने उन्हें अलगाववादी करार दिया है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह बार-बार दावा करते रहे हैं कि जम्मू-कश्मीर से अलगाववाद खत्म हो गया है।
उन्होंने कहा, “दोनों बातें एक साथ सच नहीं हो सकतीं। या तो कश्मीर में अलगाववाद खत्म हो गया है, जैसा कि बीजेपी का दावा है या फिर जिस व्यक्ति को आप अलगाववादी कहते हैं, वह उन दावों को गलत साबित करता है।” मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि बीजेपी उनकी पार्टी को तोड़ने के लिए जम्मू-कश्मीर में ऑपरेशन लोटस चला रही है।
बीजेपी ने लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया
वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने उमर अब्दुल्ला पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं का आरोप था कि उमर अब्दुल्ला ने झूठे दावे किए कि बीजेपी ने विधायकों को पाला बदलने के लिए 20 से 30 करोड़ रुपये की पेशकश की थी।
उमर अब्दुल्ला ने लगाया था आरोप
उमर अब्दुल्ला ने बीजेपी पर देश भर में विपक्षी दलों को सुनियोजित तरीके से कमजोर करने का भी आरोप लगाया। उमर ने कहा, “हर चुनाव से पहले, आप राजनीतिक दलों को तोड़ने की कोशिश करते हैं।” उन्होंने महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और पंजाब में आम आदमी पार्टी के साथ हुई घटनाओं का उदाहरण दिया।
उमर अब्दुल्ला ने आगे कहा, “जब आप चुनाव के जरिये सत्ता में आने में नाकाम रहते हैं, तो आप पिछले दरवाजे की राजनीति का सहारा लेते हैं।” उन्होंने जोर देकर कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए अपना लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रखेगी और केंद्र से केंद्र-शासित प्रदेश के लोगों से किए गए वादे को पूरा करने का आग्रह किया।
यह भी पढ़ें: ‘MLA को 20-30 करोड़ और मंत्रालय का ऑफर…’, सीएम उमर अब्दुल्ला ने बीजेपी पर लगाया हॉर्स ट्रेडिग का आरोप
जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायकों को पाला बदलने के लिए मनाकर उनकी सरकार को गिराने की कोशिश कर रही है। उमर अब्दुल्ला ने अपनी दादी अकबर जहान की 26वीं पुण्यतिथि पर हजरतबल में पार्टी कार्यकर्ताओं के एक सम्मेलन में कहा, “नेशनल कॉन्फ्रेंस को तोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।” यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
