उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना यूबीटी के प्रवक्ता रहे आनंद दुबे अब एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गए हैं। शिवसेना में शामिल होने के बाद आनंद दुबे ने कहा कि उन्होंने एक तरीके से घर वापसी की है। आनंद दुबे ने समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए कहा कि मैंने बालासाहेब ठाकरे जी की विचारधारा से प्रेरित होकर ही शिवसेना में काम करना शुरू किया था और कुछ दिनों के लिए एक यूबीटी नाम की पार्टी में रहना पड़ा था। उन्होंने कहा कि अब हम सब एकनाथ शिंदे के मार्गदर्शन में आगे बढ़ेंगे और काम करेंगे।

आनंद दुबे ने कहा, “सबसे पहले तो बहुत ही खुशी महसूस हो रही है। मैं अपने घर में वापस आ गया हूं। मैं पहले शिवसेना में ही था। आदरणीय हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे जी की विचारधारा से प्रेरित होकर मैंने शिवसेना पार्टी में काम करना शुरू किया। बाद में कुछ हालात बदले और मुझे कुछ दिन यूबीटी नाम की एक पार्टी में रहना पड़ा। वहां भी मैंने पूरी ईमानदारी से, पूरी श्रद्धा से काम किया। जो पार्टी की बात थी वह कहता था, लेकिन बहुत दिनों से व्यथित था। तो आज मैं अपने पुराने घर वापस आया हूं।”

आनंद दुबे ने क्या कहा?

आनंद दुबे ने कहा कि आदरणीय हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे जी का आशीर्वाद, आदरणीय धर्मवीर आनंद दिघे साहब का आशीर्वाद, हम सबके नेता महाराष्ट्र राज्य के लोकप्रिय उपमुख्यमंत्री और देश के नेता एकनाथ शिंदे साहब के आशीर्वाद से और तीन बार के सांसद और युवाओं में लोकप्रिय आदरणीय डॉ. श्रीकांत शिंदे साहब के नेतृत्व और मार्गदर्शन में हम सब अब आगे बढ़ेंगे, काम करेंगे। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का जो सपना है, भारत देश को ‘नेशन फर्स्ट, राष्ट्र पहले’, सकारात्मक राजनीति करने आए हैं। आनंद दुबे ने कहा कि अपनी विचारधारा, जो बालासाहेब ठाकरे जी की विचारधारा रही, जिससे कभी समझौता वे नहीं करते थे, उस विचारधारा के साथ काम करने का एक सौभाग्य प्राप्त हुआ है।

आनंद दुबे ने आगे कहा, “लाखों-करोड़ों लोगों के बीच में जाकर एनडीए परिवार की बात करना, एक महायुति की बात करना, हमारे आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का जो सपना है, आदरणीय गृह मंत्री अमित शाह जी का जो सपना है, देवेंद्र फडणवीस जी और सुनेत्रा जी का जो सपना है, उसी सपने को एकनाथ शिंदे जी पूरा करने जा रहे हैं, पूरा कर रहे हैं। रात-दिन जनता के बीच में रहने वाले नेता, न दिन देखते हैं, न रात देखते हैं। कोई भी आपदा आ जाए, कोई भी विपत्ति आ जाए, सबसे पहले एकनाथ शिंदे साहब वहां आगे आते हैं। ऐसे परिवार में खुशी मिलती है, गौरव महसूस होता है और हमें लगता है कि पूरे भारत में शिवसेना का जिस ढंग से विस्तार एकनाथ शिंदे साहब के नेतृत्व में होगा, यही असली एक होती है ना कि आदरांजलि और श्रद्धांजलि आदरणीय बालासाहेब ठाकरे जी को होगी।”

मैं एक छोटा सा साधारण सा कार्यकर्ता हूं पार्टी का- आनंद दुबे

पार्टी में अपनी भूमिका को लेकर आनंद दुबे ने कहा, “मैं एक छोटा सा साधारण सा कार्यकर्ता हूं पार्टी का। पार्टी जो उचित समझेगी, जो जिम्मेदारी देगी उसको निभाऊँगा। पूरे भारत में नरेंद्र मोदी जी के सपनों का भारत बनाने में जो भी भूमिका होगी जैसे रामसेतु जब बन रहा था, तो वह गिलहरी भी एक छोटा-छोटा पत्थर लाकर उस समुंदर में डाल रही थी, वही भूमिका मैं भी निभाऊंगा। जिस लायक हूं, पूरी ताकत लगा दूंगा। रात-दिन नहीं देखूंगा, अपने आप को खपाने में भी पीछे नहीं हटूूंगा। अपने राष्ट्र निर्माण के लिए कुछ भी करूंगा और बालासाहेब ठाकरे जी और आनंद दिघे साहब के सपने को एकनाथ शिंदे साहब जैसे साकार करने के लिए रात-दिन कर्मवीर बनके काम कर रहे हैं, उनके साथ एक गिलहरी बनके मैं भी काम करूंगा।”

यह भी पढ़ें- कौन हैं आनंद दुबे जिन्होंने उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) से दिया इस्तीफा?

महाराष्ट्र की राजनीति में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) को एक और झटका लगा है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आनंद दुबे ने अपनी प्राथमिक सदस्यता और प्रवक्ता पद से इस्तीफा दे दिया है। टीवी डिबेट्स में उद्धव ठाकरे और उनकी पार्टी का पक्ष रखने वाले आनंद दुबे ने अपने फैसले के पीछे हिंदुत्व और सनातन धर्म को लेकर वैचारिक मतभेदों का हवाला दिया है। पढ़ें पूरी खबर