केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को मध्य प्रदेश सरकार से सीहोर जिले के एक गांव में आदिवासी परिवारों के घर तोड़े जाने पर सवाल किया। उन्होंने पूछा कि जिन लोगों ने लोकसभा और विधानसभा चुनाव में बीजेपी को वोट दिया, उन्हीं के घरों को क्यों तोड़ा गया?

जानकारी के मुताबिक, इस कार्रवाई में बुधनी के कोसमी गांव के बरेला आदिवासी समुदाय के 12 परिवार प्रभावित हुए हैं। उनके घर तोड़ दिए गए। उनकी फसलें भी बर्बाद हो गईं और एक कुएं को मिट्टी से भर दिया गया। वन विभाग का कहना है कि यह कार्रवाई वन भूमि पर किए गए कथित अवैध कब्जे हटाने के लिए की गई।

कृषि मंत्री शिवराज ने कहा, ”कुछ अधिकारियों ने पार्टी की छवि खराब करने के लिए यह साजिश की है। हमें इन लोगों के वोट से जीत मिलती है और उन्हीं के वोट से मोहन यादव मुख्यमंत्री बने हैं। यह मेरे लिए बहुत दुख की बात है।”

बुधनी से कई बार विधायक रह चुके चौहान ने कहा कि वह इन परिवारों की परेशानी, फसलों के नुकसान और उनके भविष्य पर पड़े असर के बारे में मुख्यमंत्री मोहन यादव को बताएंगे।

उन्होंने कहा, ”मैं मुख्यमंत्री को इस अन्याय के बारे में बताऊंगा। इन परिवारों के रोने, उनकी आंखों में आंसू, बर्बाद हुई फसलें और उनके उजड़े भविष्य के बारे में भी बताऊंगा। मुझे लगता है कि यह मुख्यमंत्री की छवि खराब करने की भी साजिश है।”

चौहान ने कहा कि गरीब आदिवासी किसानों के घर तोड़कर उनकी सालों की मेहनत बर्बाद कर दी गई। उन्होंने बताया कि जेसीबी मशीनों से घर गिराए गए और घरों के मलबे में उनके सामान के टूटे हुए टुकड़े बिखरे पड़े थे।

उन्होंने कहा, ”उनके सपने टूट गए, सालों की मेहनत बर्बाद हो गई और उन्हें बेघर कर दिया गया है।” चौहान ने वन विभाग के अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए इसे ‘जुल्म और अन्याय की हद’ बताया।

उन्होंने अधिकारियों से सवाल किया कि अगर उनके अपने बच्चों, मां और पत्नियों के साथ ऐसा ही बर्ताव किया जाए तो क्या वे इसे स्वीकार करेंगे?

कांग्रेस ने ‘सरकार के अंदर खींचतान’ पर उठाए सवाल

इस घटना पर कांग्रेस ने भी प्रतिक्रिया दी। मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार के अंदर चल रही खींचतान का खामियाजा आदिवासी परिवारों को भुगतना पड़ रहा है।

सिंघार ने कहा, ”मोहन यादव जी, जब आपके अपने पूर्व मुख्यमंत्री सवाल उठा रहे हैं तो आपको भी बताना चाहिए कि सरकार इस मामले में ठोस कदम कब उठाएगी। क्या सरकार के अंदर की खींचतान जनता से जुड़े मुद्दों पर भी भारी पड़ रही है?”

गौर करने वाली बात है कि यह पहली बार नहीं है जब शिवराज सिंह चौहान ने बीजेपी सरकार के दौरान आदिवासियों और वन विभाग के अधिकारियों के बीच विवाद में सार्वजनिक रूप से दखल दिया है।

जून 2025 में भी उन्होंने सीहोर जिले के खिवनी वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र में आदिवासी लोगों के खिलाफ की गई कार्रवाई पर सवाल उठाए थे। इसके बाद राज्य सरकार ने वहां के संभागीय वन अधिकारी का तबादला कर दिया था। इसके साथ ही निर्देश दिया था कि बारिश के मौसम में इस तरह की कार्रवाई ना की जाए।

इससे पहले जुलाई 2026 में भी चौहान ने मूंग की खरीद के मुद्दे पर मध्य प्रदेश सरकार के दावे पर सवाल उठाए थे। राज्य के कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना ने केंद्र सरकार की मूल्य समर्थन योजना के तहत मूंग खरीद की मंजूर मात्रा बढ़ाने की मांग की थी। इसके बाद चौहान ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखा था।

चौहान का कहना था कि राज्य को पहले ही 4.54 लाख मीट्रिक टन तक मूंग खरीदने की मंजूरी मिल चुकी है। उनके मुताबिक, असली समस्या खरीद की रफ्तार धीमी होना है। उस समय किसान अपनी उपज की खरीद नहीं होने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे।