कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के संदेशखालि में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद बंगाल में बलात्कार के मामले जारी हैं। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी को शर्म आनी चाहिए।
शिवराज सिंह चौहान ने बांग्लादेश घुसपैठियों का जिक्र करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस घुसपैठियों के लिए फर्जी आधार कार्ड और वोटर कार्ड तैयार कर रही है, ताकि बंगाल उनके लिए पनाहगाह बन सके। उन्होंने कहा कि ममता SIR के खिलाफ प्रदर्शन शुरू करने की योजना बना रही हैं, क्योंकि वह घुसपैठियों को संरक्षण देना चाहती हैं।
अमित शाह बोले- बंगाल से घुसपैठियों को बाहर निकालेंगे
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में पूर्ण बहुमत के साथ पार्टी के सत्ता में आने के बाद उन्हें “राज्य से बाहर निकाल दिया जाएगा”।
उन्होंने दक्षिण 24 परगना जिले में बीजेपी की ‘परिवर्तन यात्रा’ को संबोधित करते हुए कहा कि टीएमसी ने बंगाल को “घुसपैठियों का स्वर्ग” बना दिया था। उन्होंने कहा, “बंगाल एक सीमावर्ती राज्य है। टीएमसी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर सकती, क्योंकि वे घुसपैठ की अनुमति देते हैं। केवल भाजपा ही बंगाल जैसे सीमावर्ती राज्य को सुरक्षा प्रदान कर सकती है।”
बीजेपी की परिवर्तन यात्रा बंगाल में उसकी आखिरी यात्रा होगी- ममता
टीएमसी की तरफ से खुद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी की ‘परिवर्तन यात्रा’ बंगाल में उसकी आखिरी यात्रा होगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग ने बीजेपी की मदद के लिए SIR के दौरान मतदाताओं के नाम हटा दिए। ममता बनर्जी ने यह भी कहा, “मेरे भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं के नाम बड़े पैमाने पर हटाए जाने के बावजूद, अगर एक भी मतदाता बच जाता है, तो भी मैं जीत जाऊंगी।”
कुणाल घोष बोले- बीजेपी अपनी खुद की ‘विदाई यात्रा’ निकाल रही
टीएमसी के नेता कुणाल घोष ने भी बीजेपी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी की सरकार थी, है और रहेगी। अमित शाह को बंगाल का बकाया रिलीज कर देना चाहिए। ममता बनर्जी को आपकी सीख की जरूरत नहीं है। बंगाल के हक का रुपया आप नहीं दे रहे हो, इसी वजह से समस्या है। हमारे हक का रुपया आप दूसरे राज्य में बांट रहे हो। अमित शाह को फिर हारना है, टीएमसी फिर जीतेगी। बीजेपी की यात्रा उनकी खुद की ‘विदाई यात्रा’ है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली तक पहुंची ममता बनर्जी की लड़ाई
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य में चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूचियों के चल रहे एसआईआर के खिलाफ जंग छेड़ दी है। पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें।
