scorecardresearch

Shivpal Yadav ने बीजेपी पर किया प्रहार, बोले- बिना समाजवाद के राम राज्य की कल्पना बेमानी

Shivpal Singh Yadav ने कहा कि इस बेईमानी, अन्याय व भ्रष्टाचार का अंत होगा, जिसने जितने झूठे वादे जनता से किए हैं, इनके खिलाफ जनता में माहौल बनने लगा है।

Shivpal Singh Yadav, Shivpal Yadav, UP Politics
Shivpal Yadav ने बीजेपी पर निशाना साधा है (File Photo- Express)

Samajwadi Party के राष्ट्रीय महासचिव और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के चाचा शिवपाल सिंह यादव ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जनता सब समझने लगी है कि धर्म और राम राज्य के नाम पर समाज को किस तरह बांटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवाद के बिना राम राज्य की कल्पना बेमानी होगी।

शिवपाल सिंह यादव (Shivpal Singh Yadav) ने सैफई ब्लॉक के गींजा गांव में रामनवमी के अवसर पर आयोजित मेले को संबोधित करते हुए कहा कि जब-जब समाज में जुल्म अत्याचार बढ़ा है, तब-तब अन्यायी व अत्याचारी लोगों की हार हुई है। उन्होंने कहा कि जब रावण का अन्याय और अत्याचार चरम पर पहुंचा तब भगवान राम की विजय हुई थी।

बीजेपी पर निशाना साधते हुए शिवपाल यादव ने कहा, “जब रावण जैसे अन्यायी अत्याचारी का अंत हुआ और सत्य पर चलने वाले भगवान राम (Lord Ram) की विजय हुई तो निश्चय ही देख लेना इस बेईमानी, अन्याय व भ्रष्टाचार का अंत होगा, जिसने जितने झूठे वादे जनता से किए हैं, इनके खिलाफ जनता में माहौल बनने लगा है।”

महंगाई, बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए सपा महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि नौ वर्षों में एक भी वादा पूरा नहीं हुआ, किसानों के सामने कितनी दिक्कत परेशानी आ रही हैं, महंगाई और बेरोजगारी बढ़ती चली जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार (Corruption) चरम पर है। सपा नेता ने IAS और IPS अधिकारियों पर भी रिश्वत लेने का आरोप लगाया और कहा कि भ्रष्टाचार ऊपर से नीचे की ओर चला है।

लोकसभा चुनाव में भाजपा हारेगी- अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर अत्याचार और अन्याय करने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि लोकसभा चुनाव में भाजपा उत्तर प्रदेश में हारेगी। कानपुर में अखिलेश यादव ने पत्रकारों से बातचीत में भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा, “जनता दुःखी है, लोकसभा में बड़ा परिवर्तन दिखाई देगा और भाजपा उत्तर प्रदेश में हार जाएगी।”

उन्‍होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार अन्याय कर रही है और बुलडोजर से कानपुर देहात में मां-बेटी की जान चली गई। सपा नेता ने आरोप लगाया कि कानपुर में ही पुलिस ने बलवंत सिंह की हत्या कर दी और इस परिवार को न्याय नहीं मिला है। (इनपुट- भाषा)

पढें राष्ट्रीय (National News) खबरें, ताजा हिंदी समाचार (Latest Hindi News)के लिए डाउनलोड करें Hindi News App.

First published on: 01-04-2023 at 22:40 IST
अपडेट