समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने प्रतिक्रिया दी है। राउत ने महाराष्ट्र के ठाणे में सोमवार को पत्रकारों के सवाल के जवाब में कहा, “नहीं, देखिए, उनका एजेंडा है। लेकिन गोवा में क्या होगा? क्या वे गोवा में लागू कर पाएंगे? क्या वे नॉर्थ-ईस्ट में लागू कर पाएंगे? नहीं, वे ऐसा नहीं कर पाएंगे। उन राज्यों में कानूनी पेचीदगियां हैं।”
राउत ने कहा, “मेरी बात इतनी है कि आप राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का एजेंडा लागू करना चाहते हैं। देश में एक संविधान होना चाहिए, देश में एक कानून होना चाहिए। हम सभी मानते हैं कि देश में सभी के लिए एक ही कानून होना चाहिए। लेकिन जब आप यूनिफॉर्म सिविल कोड का राजनीतिकरण करते हैं, तो हम इसका विरोध करेंगे।”
संजय राउत ने आगे कहा, “चुनावों के लिए राजनीति मत करिए और यह करने के बावजूद भी, अमित शाह देश के प्रधानमंत्री नहीं बन पाएंगे।”
क्या कहा था अमित शाह ने?
अमित शाह ने रविवार को महाराष्ट्र में कहा था कि 21 राज्यों की बीजेपी-एनडीए की सरकारें 2029 से पहले यूसीसी लागू करेंगी। शाह ने कहा था, ”तीन तलाक को समाप्त करके मुस्लिम महिलाओं को समान अधिकार दिए गए हैं। हमने कई राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू की है और मुझे विश्वास है कि बीजेपी-एनडीए शासित 21 राज्यों में 2029 से पहले यूसीसी लागू कर दिया जाएगा।” देश में लोकसभा चुनाव 2029 में होने हैं।
शाह ने कहा था कि केंद्र सरकार ने भारतीय न्याय संहिता के माध्यम से देश की आपराधिक न्याय प्रणाली को मजबूत किया है।
अगर 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले 21 एनडीए-बीजेपी शासित राज्यों में यूसीसी लागू हो जाता है तो यह चुनाव में बड़ा मुद्दा बन सकता है। वर्तमान में बीजेपी शासित राज्यों उत्तराखंड और गोवा में समान नागरिक संहिता लागू है।
यह भी पढ़ें- यूसीसी पर मुसलमानों से RSS नेता बोले- घबराइए नहीं
पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार यूनिफॉर्म सिविल कोड बिल लाने वाली है। इसको लेकर आरएसएस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य इंद्रेश कुमार ने कहा कि व्यक्ति की पहचान उसके धर्म से नहीं बल्कि उसके देश से होती है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
