मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मुंबई में प्रदर्शन तेज हो गया है। शिवसेना (यूबीटी) के नेता आदित्य ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अमित ठाकरे सैकड़ों समर्थकों के साथ शिवाजी पार्क इलाके में पहुंचे। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती के बीच प्रदर्शनकारियों ने धरना दिया और नारेबाजी की।
दूसरी ओर, इसी मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने पुणे में प्रदर्शन किया।
आदित्य ठाकरे ने आरोप लगाया कि पुलिस ने पास में ही स्थित सेना भवन के बाहर मौजूद महिलाओं समेत शिवसेना (यूबीटी) के कार्यकर्ताओं पर हमला किया और उनके साथ धक्का-मुक्की की।
आदित्य ठाकरे ने कहा, “मैं पूरे मुंबई के लोगों से शिवाजी पार्क आने की अपील करता हूं। अब यह विरोध प्रदर्शन नहीं रुकेगा। अगर आपने प्रदर्शनकारियों को हाथ लगाया, तो गद्दार (मुख्य निर्वाचन आयुक्त) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा देने तक आंदोलन जारी रहेगा।”
अंजलि दमानिया को लिया हिरासत में
मनसे नेता अमित ठाकरे ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने पर सवाल उठाया। प्रदर्शन के दौरान हिरासत में ली गईं अंजलि दमानिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “जब मैं सीजेपी के समर्थन में शिवाजी पार्क पहुंची, तो सादे कपड़ों में आए पुलिस अधिकारियों ने मुझे हिरासत में ले लिया। सभी पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में थे और मुझे नहीं पता कि वे मुझे कहां ले जा रहे हैं।”
पुलिस अफसरों ने बताया कि हिरासत में लिए गए ज्यादातर लोगों को शिवाजी पार्क पुलिस थाने में भेज दिया गया। कुछ लोगों को पास के अन्य पुलिस थानों में ले जाया गया है।
सीजेपी ने भी किया पुणे में प्रदर्शन
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर पुणे के गुडलक चौक पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस अफसरों ने प्रदर्शनकारियों से प्रदर्शन स्थल खाली करने के लिए कहा लेकिन ऐसा नहीं होने पर लोगों को हिरासत में ले लिया गया। हिरासत में लिए गए लोगों में ज्यादातर महिलाएं थीं।
प्रदर्शनकारियों ने मोदी सरकार की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि वह लोकतांत्रिक सिद्धांतों के खिलाफ काम कर रही है। उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया को रद्द करने की मांग की।
यह भी पढ़ें- ‘ज्ञानेश कुमार के पास ऐसी क्या जानकारी है जो सरकार उन्हें बचा रही?’
दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं ने रिहाई के बाद आरोप लगाया कि शनिवार को विमान से उन्हें अगवा कर लिया गया था। सौरव दास ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि पूरा देश आपातकाल जैसी स्थिति का सामना कर रहा है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
