शिरोमणि अकाली दल (शिअद) को पंजाब में झटका लगा है। अकाली दल की संसदीय मामलों की समिति के सदस्य और वरिष्ठ नेता गुरदीप सिंह मकरोड़ ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा देने का ऐलान किया है। मकरोड़ ने यह फैसला उस वक्त लिया जब अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ‘पंजाब बचाओ रैली’ को संबोधित करने के लिए लहरागागा इलाके में आए थे।
गुरदीप सिंह मकरोड़ लंबे समय से अकाली दल से जुड़े रहे हैं और पार्टी के पुराने व वफादार नेताओं में उनकी गिनती होती है। मकरोड़ पंजाब के संगरूर जिले में आने वाली लहरागागा सीट के गांव मकरोड़ साहिब के रहने वाले हैं।
सवाल यह है कि गुरदीप सिंह मकरोड़ ने आखिरकार इस्तीफा क्यों दिया?
इसका जवाब यह है कि सुखबीर सिंह बादल ने मकरोड़ से उनके घर आने का वादा किया था। बादल ने कहा था कि वह चाय पीने के लिए उनके घर आएंगे लेकिन वह कभी नहीं आए।
बादल की बचाई थी जान
गुरदीप सिंह मकरोड़ वह शख्स हैं जिन्होंने जब सुखबीर सिंह बादल पर स्वर्ण मंदिर में जानलेवा हमला हुआ था तो अपने नेता की जान बचाने के लिए खुद की जान को जोखिम में डाल दिया था।
‘मेरी सारी तैयारी धरी रह गई’
मकरोड़ ने ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ को बताया, “मैंने घर पर सारी तैयारियां की थीं और घर में सफेदी भी करवाई थी। मैंने चाय, स्नैक्स और बाकी चीजों का इंतजाम किया था। सुखबीर जी को गुरुवार सुबह आना था लेकिन बुधवार देर रात मुझे पता चला कि वे नहीं आ रहे हैं। मेरी सारी तैयारी धरी रह गई।”
मकरोड़ ने कहा कि उनके पास सुखबीर बादल और उनकी टीम के लिए खरीदी गई मिठाइयों और स्नैक्स बनाने के लिए जुटाए गए सामान को फेंकने के अलावा कोई चारा नहीं था। मकरोड़ ने कहा कि इस घटना से उनका ‘सब्र का बांध’ टूट गया और पार्टी लीडरशिप की तरफ से की गई अनदेखी को वह अब और बर्दाश्त नहीं कर सकते।
मकरोड़ ने कहा, “मैं इस घटना को बर्दाश्त नहीं कर सकता। यह मेरे लिए बहुत बड़ा अपमान है। मैंने अकाली दल के सभी पदों से इस्तीफा देने का फैसला किया है। अब से मैं घर पर ही रहूंगा। मैं किसी दूसरी पार्टी में शामिल नहीं होऊंगा।”
पिता और दादा जुड़े थे अकाली दल से
गुरदीप सिंह मकरोड़ के पिता और दादा अकाली दल से जुड़े थे। मकरोड़ 1982 में अकाली दल में शामिल हुए और 1980 के दशक में अकाली दल द्वारा शुरू किए गए ‘धर्म युद्ध मोर्चा’ में हिस्सा लिया था। बाद में 2020 में सुखदेव सिंह ढींढसा के अकाली दल छोड़ने और शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) बनाने के बाद, वह ढींढसा के गुट में शामिल हो गए थे।
4 दिसंबर, 2024 को जब सुखबीर सिंह बादल स्वर्ण मंदिर के बाहर सेवा कर रहे थे तब उन पर हमला हुआ था। बादल को ‘तनखैया’ (गलत आचरण का दोषी) घोषित किए जाने के बाद स्वर्ण मंदिर में सेवा करने की सजा सुनाई गई थी।
मकरोड़ ने कहा, “मैं ढींढसा साहब के साथ खड़ा था, तभी मैंने नारायण सिंह चौरा को देखा, चौरा ने सुखबीर बादल पर गोली चलाने की कोशिश की थी, मैंने तुरंत उसे पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने चौरा को गिरफ्तार कर लिया।”
बादल और मजीठिया से हुई थी मुलाकात
मकरोड़ ने बताया कि सुखबीर सिंह बादल और अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने इसके लिए उनकी तारीफ की थी और 6 जनवरी, 2025 को मुक्तसर में उनकी बादल और मजीठिया से मुलाकात हुई थी। 13 मई, 2025 को मकरोड़ फिर से अकाली दल में शामिल हो गए थे।
मकरोड़ ने बताया, “अकाली दल में लौटने के बाद सुखबीर जी ने मुझसे कई बार कहा कि वह चाय पीने मेरे घर आएंगे। किसी न किसी वजह से वह नहीं आ पाए। बाद में, किसी और को लहरागागा विधानसभा सीट का इंचार्ज बना दिया गया। मुझे इससे भी कोई दिक्कत नहीं थी लेकिन गुरुवार को तो हद ही हो गई।”
मकरोड़ ने कहा, “कोई भी समझ सकता है कि अकाली दल मुश्किल दौर से क्यों गुजर रहा है। जब पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के साथ खड़ी नहीं होगी तो वह कार्यकर्ताओं से पार्टी के साथ खड़े रहने की उम्मीद कैसे कर सकती है?”
अकाली दल ने इसे लेकर क्या कहा?
अकाली दल के प्रवक्ता दलजीत सिंह चीमा ने गुरदीप सिंह मकरोड़ के योगदान को स्वीकार किया और उन्हें पार्टी का समर्पित सिपाही बताया। चीमा ने कहा, “हां, मुझे गुरदीप सिंह मकरोड़ तब से याद हैं जब वे ढींढसा साहब के साथ थे। उन्होंने सुखबीर जी को बचाने के लिए नारायण सिंह चौरा को पकड़ा था। वे पार्टी के समर्पित सिपाही हैं। अगर कोई गलतफहमी है, तो हम उसे सुलझा लेंगे। एक परिवार के तौर पर हम सब एक हैं।” सुखबीर सिंह बादल के दफ्तर ने इस घटनाक्रम पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
यह भी पढ़ें- क्या थम जाएगा पंजाब कांग्रेस में घमासान?
परगट सिंह को दो अक्टूबर को पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था। इससे पहले पंजाब कांग्रेस में लगातार लड़ाई चल रही थी और इससे पार्टी के 2027 विधानसभा चुनाव के लिए चलाए जा रहे अभियान को लेकर चुनौती सामने आ रही थी। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
