West Bengal News: बांग्लादेश अवामी लीग की अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में लगातार जीत हासिल करने वाले सभी उम्मीदवारों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को आज एक आधिकारिक संदेश के माध्यम से यह बधाई संदेश भेजा।
बांग्लादेश अवामी लीग ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी किया। इस बयान में कहा गया, “बांग्लादेश अवामी लीग की अध्यक्ष और बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की ओर से पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में विजयी हुए सभी उम्मीदवारों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। आज जारी एक औपचारिक बधाई संदेश में, बांग्लादेश अवामी लीग की अध्यक्ष और बांग्लादेश गणराज्य की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में विजयी हुए सभी उम्मीदवारों, जिनमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रतिनिधि भी शामिल हैं, को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।”
सुवेंदु अधिकारी को भी दी विशेष बधाई?
इस बयान में आगे कहा गया, “अपने संदेश में, उन्होंने भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के नेता सुवेंदु अधिकारी को विशेष बधाई दी। उन्होंने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों की निरंतर सफलता की कामना की और पश्चिम बंगाल के लोगों के साथ-साथ पूरे भारत की सतत समृद्धि और खुशहाली की कामना की। जय बांग्ला, जय बंगबंधु, बांग्लादेश अमर रहे।”
बीएनपी ने भी भेजा था बधाई संदेश
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 जीतने वाली भारतीय जनता पार्टी को न केवल पश्चिम बंगाल में बल्कि सीमा पार बांग्लादेश से भी बधाई मिली हैं। इससे पहले बीएनपी ने ढाका से बीजेपी को बधाई संदेश भेजा था, इस संदेश के साथ ही तीस्ता नदी के जल बंटवारे पर लंबित समझौते पर पुनर्विचार करने का अनुरोध भी किया गया था। ढाका लंबे समय से निवर्तमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भारत और बांग्लादेश के बीच तीस्ता जल बंटवारे के विवाद को सुलझाने के प्रयासों में बाधा मानती रही है। बीएनपी ने भारतीय जनता पार्टी को औपचारिक रूप से बधाई दी और सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में पार्टी के प्रदर्शन की सराहना की।
सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के अगले मुख्यमंत्री होंगे
पश्चिम बंगाल में बीजेपी विधायक चुनने के लिए कोलकाता में बीजेपी विधायक दल की बैठक शुरू हो गई है। इस मीटिंग में केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर गृह मंत्री अमित शाह और सह पर्यवेक्षक मोहन चरण माझी मौजूद हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि विधायकों की मीटिंग में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य सुवेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुनने का प्रस्ताव रखेंगे। इसका मतलब यह है कि सुवेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के अगले मुख्यमंत्री होंगे। सूत्रों का यह भी दावा है कि उनकी सरकार में दो डिप्टी सीएम बनाए जाएंगे। पढ़ें लाइव ब्लॉग…
