West Bengal News: तृणमूल कांग्रेस की सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर पार्टी सांसद कल्याण बनर्जी के खिलाफ औपचारिक दुर्व्यवहार की शिकायत दर्ज कराई है। इसको लेकर अब कल्याण बनर्जी की प्रतिक्रिया सामने आई है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए कल्याण बनर्जी ने कहा कि अगर ऐसी कोई घटना वास्तव में हुई होती, तो संसदीय नियमों के अनुसार लोकसभा अध्यक्ष को तुरंत सूचित किया जाना चाहिए था। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि घोष एक विशिष्ट मकसद से ये आरोप लगा रही हैं।
कल्याण बनर्जी ने एएनआई से कहा, “संसद में कोई घटना घटित होने पर तुरंत स्पीकर को सूचित किया जाना चाहिए, यही नियम है। किसी भी घटना की सूचना बिना देरी किए स्पीकर को दी जानी चाहिए। जहां तक लगाए जा रहे आरोपों का सवाल है, तो सवाल यह है कि किसने क्या और कब कहा। समस्या है उनकी कुछ मंशा है। मंशा को पूरी करने के लिए वो यह सब कुछ कर रही हैं। मुझे शक हो रहा है।”
काकोली घोष ने लोकसभा स्पीकर को लिखा था पत्र
टीएमसी सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने गुरुवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर अपनी ही पार्टी की साथी बनर्जी के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज करने की अनुमति मांगी। अपने पत्र में उन्होंने बनर्जी पर लोकसभा के अंदर बार-बार मौखिक रूप से दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, “मैं एआईटीसी के लोकसभा सदस्य कल्याण बनर्जी के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराने के लिए आपकी अनुमति चाहती हूं, जिन्होंने लोकसभा के अंदर बार-बार मुझे मौखिक रूप से गाली दी है।” महिला सांसदों के साथ होने वाले व्यवहार पर चिंता व्यक्त करते हुए दस्तीदार ने कहा कि कथित व्यवहार एक व्यापक प्रवृत्ति का हिस्सा है और उन्होंने सख्त कार्रवाई की मांग की।
दस्तीदार ने लोकसभा अध्यक्ष को अपनी शिकायत में कहा, “यह महिला विरोधी रवैया कई महिला सदस्यों के खिलाफ रहा है और इसे दंडित किया जाना चाहिए।” इसी बीच, उन्होंने पार्टी के अंदर कथित महिला विरोधी व्यवहार और कई ऐसे मुद्दों को लेकर चिंता जताते हुए तृणमूल महिला कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। अपने इस्तीफे में दस्तीदार ने कहा कि वह अखिल भारतीय तृणमूल महिला कांग्रेस के अध्यक्ष पद के साथ-साथ पार्टी के भीतर अन्य सभी संगठनात्मक पदों, समितियों और जिम्मेदारियों से इस्तीफा दे रही हैं। यहां क्लिक कर पढे़ं पूरी खबर…
