राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के बीचोंबीच स्थित शास्त्री भवन के एक कोने में लगे नीले रंग के बोर्ड पर लिखा है- “जन औषधि केंद्र”, जो सरकार द्वारा संचालित जेनेरिक दवाओं की दुकान है। एक कमरे में चलने वाली इस दुकान की अलमारियां आमतौर पर इस्तेमाल होने वाली दवाओं से भरी हैं। इनमें कफ सिरप, पैरासिटामोल के अलावा डायबिटीज, कोलेस्ट्रॉल, हाई ब्लड प्रेशर और एलर्जी की दवाएं शामिल हैं।
हर रोज विभिन्न मंत्रालयों के कर्मचारी और आसपास के निर्माण स्थलों पर काम करने वाले मजदूर सस्ती दरों पर दवाएं खरीदने के लिए यहां आते हैं। यह कोई आम दवा की दुकान नहीं है। देश के शुरुआती जन औषधि केंद्रों में शामिल और दिल्ली का पहला जन औषधि केंद्र वर्ष 2009 में शुरू हुआ था। उस वक्त केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री रामविलास पासवान ने इसका उद्घाटन किया था।
17 साल बाद अब यह केंद्र बंद होने की कगार पर है। इसकी वजह है कि शास्त्री भवन को तोड़कर नया निर्माण किया जाना है और सरकार ने अभी तक इस केंद्र के लिए कोई वैकल्पिक जगह नहीं दी है।
सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास योजना के तहत शास्त्री भवन स्थित सभी मंत्रालयों और विभागों को सितंबर तक इमारत खाली करने के लिए कहा गया था।
जन औषधि केंद्र के प्रभारी ने बताया कि मंत्रालय और विभाग तो इमारत खाली करके जा चुके हैं, लेकिन हमें अभी तक केंद्र चलाने के लिए कोई दूसरी जगह आवंटित नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि आजकल ज्यादातर जन औषधि केंद्र निजी संचालकों द्वारा चलाए जाते हैं, लेकिन यह केंद्र पूरी तरह सरकार द्वारा संचालित है। इसके लिए जगह और बिजली जैसे अन्य खर्चों का भुगतान औषधि विभाग करता है, जो इस योजना का संचालन करता है और रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के अधीन है। वहीं, यहां काम करने वाले कर्मचारी केंद्रीय भंडार के हैं।
इस इलाके में आसपास कोई दूसरा जन औषधि केंद्र नहीं है। यहां से सबसे नजदीकी केंद्र गोले मार्केट में राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल के पास स्थित है।
मंत्रालयों और विभागों के परिसर खाली करने की प्रक्रिया शुरू होने के बाद केंद्र के कर्मचारियों ने दूसरी जगह उपलब्ध कराने की मांग की थी, लेकिन उनकी मांग पर कोई जवाब नहीं मिला।
वैकल्पिक जगह आवंटित करने के लिए पहला पत्र इसी साल जनवरी में केंद्र के कर्मचारियों ने औषधि विभाग को लिखा था। इसके बाद मार्च और फिर जुलाई में भी रिमाइंडर भेजा गया। केंद्र के प्रभारी ने कहा कि आखिरी पत्र भेजे हुए तीन महीने हो चुके हैं, लेकिन हमें अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है। केंद्र के लिए अब तक कोई वैकल्पिक जगह आवंटित नहीं की गई है।
साल 2014 तक देशभर में ऐसे केवल 80 जन औषधि केंद्र थे। वर्ष 2015 और 2016 में इस योजना में बदलाव कर इसे नया नाम दिया गया। इसके बाद निजी संचालकों को भी ये केंद्र चलाने की अनुमति दी गई, जबकि दवाओं की खरीद सरकार द्वारा की जाने लगी।
संशोधित योजना के तहत निजी संचालकों को अपने केंद्र के लिए उपयुक्त जगह खुद तलाशनी होती है। हालांकि, शास्त्री भवन स्थित इस केंद्र को अब तक महज एक रुपये के मामूली किराये पर जगह उपलब्ध कराई गई थी।
सूत्रों के मुताबिक, रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय ने आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय (MoHUA) से केंद्र के लिए उपयुक्त जगह आवंटित करने का अनुरोध किया था, ताकि दवाओं की आपूर्ति और सेवाओं में कोई बाधा न आए। MoHUA के सूत्रों के अनुसार, जन औषधि केंद्र को जगह आवंटित करने की प्रक्रिया अभी जारी है।
फिलहाल देशभर में 19,000 से अधिक जन औषधि केंद्र संचालित हो रहे हैं और देश के प्रत्येक जिले में कम से कम एक केंद्र मौजूद है। सरकार द्वारा बड़े पैमाने पर दवाओं की खरीद किए जाने के कारण इन केंद्रों पर मिलने वाली दवाएं खुले बाजार में उपलब्ध ब्रांडेड दवाओं की तुलना में 50 से 80 प्रतिशत तक सस्ती होती हैं।
दिल्ली का रामलीला मैदान आज होने वाली इंडिया ब्लॉक की रैली के लिए तैयार हो चुका है। विपक्षी पार्टियों को उम्मीद है कि इस रैली में 10 लाख लोग आएंगे। इसको लेकर पुलिस ने सुरक्षा और भीड़ को मैनेज करने के लिए 4,000 से ज्यादा लोगों को तैनात किया है। पढ़ें पूरी खबर।
