चेन्नई एयरपोर्ट पर सोमवार तड़के एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। एक यात्री यात्री ने चलती फ्लाइट से इमरजेंसी गेट खोलकर नीचे छलांग लगा दी। यह घटना शारजाह से आई एयर अरेबिया की फ्लाइट के लैंडिंग के बाद उस समय हुई, जब विमान रनवे छोड़कर टैक्सीवे पर धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था।

एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, “जी हां, जब वह कूदा तब विमान कम स्पीड से चल रहा था। इस घटना में किसी की जान नहीं गई और न ही विमान को कोई नुकसान पहुंचा है।” अधिकारी ने यह भी कहा कि यह घटना मेन रनवे पर नहीं घटी। एक अधिकारी ने बताया, “उसे उल्टी जैसा महसूस होने की शिकायत थी और माना जाता है कि उसने फ्लाइट पर दो बार उल्टी की।” यात्री की पहचान 34 साल के मोहम्मद शरीफ मोहम्मद नजमुद्दीन के रूप में हुई है।

पुलिस अधिकारी यात्री से कर रहे पूछताछ

घटना के तुरंत बाद पायलट ने सुरक्षाकर्मियों को इस बात की जानकारी दी। सीआईएसएफ के कर्मी तुरंत उस जगह पर पहुंचे, जहां विमान रुका था। आगे की जांच के लिए उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस अधिकारी यात्री से पूछताछ कर रहे हैं और उसकी मानसिक स्थिति का भी आकलन किया जा रहा है।

विमान को नहीं पहुंचा कोई नुकसान

इस घटना के कारण एयरपोर्ट का संचालन कुछ समय के लिए बाधित रहा। अधिकारियों ने बताया कि एहतियात के तौर पर मुख्य रनवे को सुबह 3:23 बजे से 4:23 बजे के बीच बंद कर दिया गया था और इस दौरान उड़ानों को सेकेंडरी रनवे पर डायवर्ट किया गया था। अधिकारियों ने विमानन सुरक्षा प्रोटोकॉल के उल्लंघन की जांच शुरू कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए, अधिकारियों ने पुष्टि की है कि विमान को कोई नुकसान नहीं हुआ है और न ही यात्रियों या कैबिन क्रू के किसी सदस्य को कोई चोट आई है।

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में कटौती करेगी एयर इंडिया

एयर इंडिया ईंधन की बढ़ती कीमतों और हवाई क्षेत्र (एयरस्पेस) पर लगे प्रतिबंधों के कारण जुलाई तक अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में कटौती करने जा रही है। कंपनी के सीईओ और प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन ने शुक्रवार को कहा कि एयर इंडिया ने अप्रैल और मई के लिए कुछ उड़ानें पहले ही कम कर दी हैं। पढ़ें पूरी खबर…