दिल्ली मेट्रो की ‘येलो लाइन’ पर बुधवार को एक यात्री के सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशन पर पटरी पर कूद जाने के बाद ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं। डीएमआरसी ने ट्वीट कर बताया कि अन्य सभी लाइनों पर मेट्रो सर्विस सामान्य रूप से चालू है। दिल्ली मेट्रो के सेवा तीर्थ स्टेशन पर एक अज्ञात व्यक्ति ट्रेन के आगे कूद गया, जिससे उसकी मौत हो गई और लाइन पर कुछ समय के लिए सेवाएं बाधित रहीं।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने यात्रियों को इस मार्ग पर सेवाएं बाधित होने की जानकारी देते हुए एक सूचना जारी की। डीएमआरसी ने कहा, ”सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशन पर एक यात्री के पटरी पर होने के कारण येलो लाइन पर ट्रेन सेवाओं में देरी हुई।” मेट्रो संचालक ने यात्रियों को बताया कि अन्य सभी लाइनों पर ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं।
पुलिस के मुताबिक, मेट्रो नियंत्रक को पूर्वाह्न करीब 11.13 बजे सूचना मिली कि एक यात्री चलती मेट्रो के आगे कूद गया, जिसके बाद एहतियात के तौर पर लाइन पर ट्रेन की आवाजाही रोक दी गई। उन्होंने बताया कि व्यक्ति को पटरी से हटाया गया और लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
व्यक्ति के पास से कोई पहचान दस्तावेज बरामद नहीं हुआ
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि व्यक्ति सुबह करीब 11.08 बजे स्टेशन पर ट्रेन से उतरा और करीब पांच मिनट बाद पटरी पर कूद गया। पुलिस ने बताया कि ड्राइवर ने ट्रेन रोकने की कोशिश की लेकिन वह ट्रेन की चपेट में आ गया। पुलिस ने बताया कि व्यक्ति के पास से कोई पहचान दस्तावेज बरामद नहीं हुआ और पुलिस उसकी पहचान स्थापित करने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने कहा कि शुरुआती जांच में किसी तरह की गड़बड़ी सामने नहीं आई है।
दिल्ली मेट्रो में दो साल के दौरान 20 हजार वस्तुएं खोने की सूचना
दिल्ली मेट्रो ट्रेन में लंच बॉक्स या पानी की बोतल भूल जाना छोटी सी गलती लग सकती है लेकिन हर साल ऐसी हजारों चीजें खोने की सूचना मिलती है। पिछले दो वित्तीय वर्षों में मेट्रो के खोया-पाया प्रकोष्ठ को ऐसी करीब 20,000 सूचनाएं मिलीं। डीएमआरसी के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पिछले दो वर्ष में 19,491 सामान खोने की सूचना मिली, जिनमें से करीब 70 प्रतिशत सामान उनके मालिकों को सफलतापूर्वक वापस कर दिए गए।
सबसे ज्यादा खोने वाली चीजें
अधिकारी के अनुसार, खोए हुए सामान से जुड़े ज्यादातर मामले मेट्रो स्टेशनों पर दर्ज किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि यात्री अपना सामान उस स्टेशन से ले सकते हैं, जहां वह मिला हो या कश्मीरी गेट स्थित खोया-पाया कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। अधिकारी ने बताया कि सबसे ज्यादा खोने वाली चीजों में लंच बॉक्स, पानी की बोतलें, छाते, ईयरबड्स, कलाई घड़ियां और पिट्ठू बैग शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: घर छोड़कर निकला लड़का, दिल्ली मेट्रो पर CISF ने खोज निकाला
दिल्ली में एक किशोर सुसाइड नोट छोड़कर घर से निकल गया। जिसके बाद सीआईएसएफ ने दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर उसका पता लगाया। घटना मंगलवार की है जहां’सुसाइड नोट’ लिखने के बाद घर से निकले 17 वर्षीय किशोर को सीआईएसएफ के जवानों की मदद से दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर पता लगाकर उसे उसके परिवार से मिला दिया गया। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
