Tamil Nadu News: तमिलनाडु सरकार में मंत्री आधव अर्जुन के बयान से विवाद खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु का अपना एक अलग झंडा होना चाहिए। हमें एक ऐसा झंडा बनाना चाहिए जो तमिल भाषा को प्राथमिकता दे। उनके इस बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने निशाना साधा है।
तमिलनाडु दिवस के समारोह में बोलते हुए मंत्री आधव अर्जुन ने कहा, “तमिलनाडु का अपना एक अलग झंडा होना चाहिए। जिस तरह कई अन्य राज्यों के अपने झंडे हैं, उसी तरह तमिलनाडु के लिए भी एक झंडा होना चाहिए। हमें एक ऐसा झंडा बनाना चाहिए जो तमिल भाषा को प्राथमिकता दे। इस झंडे को पहली बार 1 नवंबर और 18 जुलाई को मुख्यमंत्री द्वारा फहराया जाना चाहिए। हम आज ऐसे मोड़ पर हैं जहां हमें तमिलनाडु के लिए एक ऐसा झंडा बनाना चाहिए, जिसका सम्मान राष्ट्रीय ध्वज के बराबर हो।”
तमिल को एक अनिवार्य विषय बनाया जाना चाहिए- आधव अर्जुन
लोक निर्माण और खेल विकास मंत्री आधव अर्जुन ने कहा, “तमिलनाडु के सभी स्कूलों में तमिल को एक अनिवार्य विषय बनाया जाना चाहिए। इसमें सीबीएसई बोर्ड से जुड़े स्कूल भी शामिल हैं।” आधव अर्जुन ने कहा, “अपनी मातृभाषा को छोड़ना, अपनी मां को छोड़ने के समान है। तमिल भाषा हमारे राज्य की नींव है। तमिल भाषा को किसी के द्वारा बचाने की जरूरत नहीं है, यह इतनी कमजोर स्थिति में नहीं है कि इसे बचाने की आवश्यकता पड़े। असल में, तमिल भाषा ही हमारी रक्षा करती है, इसी भाषा ने हमारी पहचान गढ़ी है।”
दो-भाषा नीति का समर्थन करते हुए अर्जुन ने कहा कि अंग्रेजी व्यापार और वाणिज्य के लिए जरूरी भाषा है। उन्होंने आगे कहा, “तमिलनाडु में पैदा होने वाले बच्चे को तमिल सीखनी चाहिए। विधायकों और मंत्रियों के बच्चों को तमिल माध्यम में पढ़ाई करनी चाहिए और सभी आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के बच्चों को भी तमिल माध्यम ही चुनना चाहिए।”
बीजेपी ने की आलोचना
भारतीय जनता पार्टी ने मंत्री के इस कदम को अलगाववादी बताया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में, बीजेपी के विनोझ पी. सेल्वम ने कहा, “इस तरह की बयानबाजी से अलगाववादी सोच को बढ़ावा मिल सकता है। यह लोगों को अपनी तमिल पहचान और भारतीय पहचान को एक-दूसरे के विरोधी के रूप में देखने के लिए प्रेरित करती है। जब हमें दोनों पर गर्व होना चाहिए, तो हम विभाजन क्यों पैदा कर रहे हैं?”
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु CM विजय का बड़ा एक्शन, डिप्टी जेल सुपरिटेंडेंट को किया बर्खास्त, जेलर समेत 17 कर्मचारी सस्पेंड
तमिलनाडु के थेनी जिला जेल से 17 कैदियों के फरार होने के मामले में राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। विजय सरकार ने थेनी जिला जेल में प्रशासनिक लापरवाही और सुरक्षा निगरानी में चूक के चलते डिप्टी जेल सुपरिटेंडेंट एन. रामलिंगम को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। रामलिंगम 6 अगस्त, 2024 से थेनी जिले में तैनात थे। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
