कांग्रेस नेता अहमद पटेल का निधन, कोरोना संक्रमण के बाद लगातार बिगड़ती गई हालत
इससे पहले तबीयत खराब होने पर अहमद पटेल को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अक्टूबर के पहले सप्ताह में उन्हें कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का बुधवार तड़के निधन हो गया। अहमद पटेल एक महीने पहले कोरोना संक्रमित हुए थे। इसके बाद से उनकी हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। इस दौरान उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था।
बुधवार सुबह 3.30 बजे उनका निधन हो गया। उनके बेटे फैजल पटेल ने अपने पिता के निधन की खबर दी। फैजल ने लिखा कि मैं सभी शुभ चिंतकों से आग्रह करता हूं कि वे कोविड-19 के नियमों का पालन करें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। इससे पहले तबीयत खराब होने पर अहमद पटेल को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अक्टूबर के पहले सप्ताह में उन्हें कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी।
@ahmedpatel pic.twitter.com/7bboZbQ2A6
— Faisal Patel (@mfaisalpatel) November 24, 2020
अहमद पटेल ने 1 अक्टूबर को खुद ट्वीट करके अपने कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी भी दी थी। उन्होंने ट्वीट में लिखा था कि मैं कोरोना संक्रमित पाया गया हूं। जो लोग मेरे संपर्क में आए हैं मैं उन सभी से आग्रह करता हूं कि वे खुद को आइसोलेट कर लें।
कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अहमद पटेल के निधन पर दुख व्यक्त किया। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अहमद पटेल के निधन पर शोक व्यक्त किया। राहुल ने ट्वीट कर कहा कि यह एक दुखद दिन है। अहमद पटेल कांग्रेस पार्टी के एक स्तंभ थे। वह कांग्रेस के लिए जिए और सबसे कठिन समय में पार्टी के साथ खड़े रहे। वह एक जबरदस्त पूंजी थे। हम उन्हें याद रखेंगे। फैसल, मुमताज और परिवार को मेरा प्यार और संवेदना।
पीएम मोदी ने भी अहमद पटेल के निधन पर दुख व्यक्त किया। पीएम ने ट्वीट किया कि मैं अहमद पटेल के निधन से दुखी हूं। उन्होंने समाज की सेवा करते हुए सालों गुजारे। तेज दिमाग वाले अहमद पटेल को कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के लिए हमेशा याद रखा जाएगा।
पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर में लिखा अहमद पटेल नहीं रहे। एक अभिन्न मित्र विश्वसनीय साथी चला गया। हम दोनों सन् 77 से साथ रहे। वे लोकसभा में पहुंचे मैं विधान सभा में। हम सभी कांग्रेसियों के लिए वे हर राजनैतिक मर्ज़ की दवा थे।
मृदुभाषी, व्यवहार कुशल और सदैव मुस्कुराते रहना उनकी पहचान थी। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी, रणदीप सुरजेवाला, अभिषेक मनु सिंघवी समेत अनेक नेताओं ने अहमद पटेल के निधन पर शोक व्यक्त किया।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।