पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा झालमुड़ी खरीदने के बाद सुर्खियों में आए विक्रम कुमार साहू को जान से मारने की धमकियां मिलने का मामला सामने आया है। इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद झारग्राम पुलिस ने उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई है।

साहू ने पुलिस को बताया कि उन्हें पाकिस्तान और बांग्लादेश से टेक्स्ट मैसेज और व्हाट्सऐप कॉल के जरिए लगातार धमकियां मिल रही हैं। मामले की जांच में जुटे एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “शिकायत दर्ज कर ली गई है। सुरक्षा के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। साइबर क्राइम एक्सपर्ट्स की भी मदद ली जा रही है।”

अधिकारी ने कहा कि जिन फोन नंबरों से धमकी भरे कॉल और मैसेज आए हैं, उनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल साहू की दुकान के बाहर पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बल (CAPF) के जवानों को वर्दी और सादे कपड़ों में तैनात किया गया है। इलाके में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।

विक्रम साहू ने शनिवार को अपनी दुकान दोबारा खोलने के बाद मीडिया से कहा, “लगातार धमकियां मिलने के बाद मैं काफी डर गया था। मेरा परिवार भी सहमा हुआ था इसलिए मैंने कुछ दिनों के लिए दुकान बंद कर दी थी।”

सूत्रों के मुताबिक एक वीडियो कॉल के दौरान उन्हें बंदूक दिखाकर धमकाया गया था। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में हाल की संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा के चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारग्राम में विक्रम साहू की झालमुड़ी की दुकान पर पहुंचे थे और उनसे झालमुड़ी बनवाकर खाई थी। मोदी और साहू की बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसके बाद सड़क किनारे की यह छोटी सी दुकान पूरे इलाके में चर्चा का केंद्र बन गई।

यह भी पढ़ें – ‘पहले सलाम वालेकुम कहा, फिर बोला- बम से उड़ा देंगे’, पीएम नरेंद्र मोदी को झालमुड़ी बेचने वाले को पाकिस्तान से आया धमकी भरा कॉल

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने जिस दुकान से झालमुड़ी खरीदी थी, उस दुकान के मालिक को पाकिस्तान और बांग्लादेश से जान से मारने की धमकी मिली है। झारग्राम में झालमुड़ी बेचने वाले विक्रम साओ ने न्यूज एजेंसी IANS को बताया कि उन्हें पाकिस्तान और बांग्लादेश से धमकी भरे फोन आ रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें…