कृषि भवन कॉम्पलेक्स में स्थित करीब 100 साल पुरानी कदीमी मस्जिद को हटाने को लेकर चल रहे विवाद पर AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। हाल ही में सरकार की ओर से दिल्ली हाईकोर्ट में एक हलफनामा दायर कर यह कहा गया था कि सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के तहत कॉमन सेंट्रल सेक्रेटेरिएट के रीडेवलपमेंट के लिए कृषि भवन कॉम्प्लेक्स के अंदर मौजूद मस्जिद को हटाना होगा। अब ओवैसी ने सरकार के इसी हलफनामे को लेकर निशाना साधा है।
बुधवार को ओवैसी ने ट्वीट कर कहा कि सरकार का सेक्युलरिज्म मस्जिद को लेकर अलग है। ओवैसी ने कहा कि सेक्युलरिज्म को किसी पब्लिक प्रोजेक्ट के लिए एक धर्म के रीति-रिवाजों के इस्तेमाल से कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन उसे उस मस्जिद से एलर्जी है। ओवैसी ने अपनी पोस्ट के साथ सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के भूमि पूजन के समय की फोटो पोस्ट की है जिसमें हरदीप सिंह पुरी भूमि पूजन करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
क्या कहा है ओवैसी ने?
ओवैसी ने अपने ट्वीट में कहा, “केंद्र सरकार ने दिल्ली हाई कोर्ट को बताया है कि कृषि भवन कंपाउंड में मौजूद सौ साल पुरानी कदीमी मस्जिद को हटाना होगा ताकि सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के तहत कॉमन सेंट्रल सेक्रेटेरिएट (CCS) के रीडेवलपमेंट के लिए रास्ता बनाया जा सके। सरकार का तर्क है कि मस्जिद “नाजायज है और सरकारी प्रॉपर्टी के सेक्युलर नेचर के साथ मेल नहीं खाती”।
‘कृषि भवन बनने से पहले मौजूद है मस्जिद’
ओवैसी ने आगे लिखा है, “मोदी सरकार ने सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट का उद्घाटन भूमि पूजा के साथ किया था। इससे साफ है कि सेक्युलरिज्म को किसी पब्लिक प्रोजेक्ट के लिए एक धर्म के रीति-रिवाजों के इस्तेमाल से कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन उसे उस मस्जिद से एलर्जी है जो 1912 से भी पहले से कृषि भवन बनने से बहुत पहले से वहां मौजूद है।”
जानिए क्या है पूरा विवाद?
वर्तमान में मस्जिद को हटाने को लेकर चल रहा यह दूसरा विवाद है। रेस कोर्स इलाके में पीएम आवास के पास भी एक मस्जिद को हटाने का नोटिस भूमि एवं विकास विभाग (L&DO) की ओर से जारी किया जा चुका है। उस नोटिस में मस्जिक को अवैध बताया गया है। उस विवाद के बीच कृषि भवन कॉम्पलैक्स में मौजूद 100 साल पुरानी मस्जिद को भी हटाने को लेकर विवाद सामने आया है। केंद्र सरकार ने इस विवाद के बीच दिल्ली हाईकोर्ट में दायर अपने हलफनामे में कहा है कि यह ‘सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना’ का हिस्सा है, जिसके तहत कृषि भवन और शास्त्री भवन की जगह ‘कॉमन सेंट्रल सेक्रेटेरिएट’ की नई इमारतें बनाई जानी हैं। यह जमीन पूरी तरह से भारत सरकार के स्वामित्व में है। यह राष्ट्रीय महत्व की परियोजना है। इसलिए मस्जिद को हटाना जरूरी है।
केंद्र सरकार ने आगे तर्क देते हुए कहा कि सरकारी दफ्तरों के परिसरों में स्थायी धार्मिक ढांचे का बने रहना सरकारी संपत्ति के धर्मनिरपेक्ष स्वरूप के अनुरूप नहीं है। सरकार ने कोर्ट में यह भी कहा है कि सरकारी जमीन पर किसी धार्मिक स्थल के लिए स्थायी जगह आरक्षित नहीं की जा सकती और न ही मस्जिद के लिए कृषि भवन या केंद्रीय सचिवालय परिसर में कोई दूसरी जगह देने के लिए बाध्य किया जा सकता।
यह भी पढ़ें: रेस कोर्स मस्जिद विवाद: हाईकोर्ट ने नमाज पढ़ने की नहीं दी अनुमति, 4 हफ्ते के लिए ढांचा गिराने की कार्रवाई पर लगी रोक
रेस कोर्स मस्जिद मामले में मुस्लिम पक्ष को एक राहत तो एक झटका मिला है। दरअसल, इस मामले में दिल्ली हाई कोर्ट ने मस्जिद परिसर के अंदर नमाज पढ़ने की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। वहीं लैंड एंड डेवलपमेंट कार्यालय की ओर से हाईकोर्ट में यह आश्वासन दिया है कि जब तक याचिका पर फैसला नहीं आ जाता उस स्थल को तोड़ने की कार्रवाई नहीं की जाएगी। LDO की ओर से 4 हफ्ते के लिए ढांचा गिराने की कार्रवाई पर रोक का आश्वासन दिया गया है। यहां पढ़ें पूरी खबर…
