डिजिटल पेमेंट और ऑनलाइन वॉलेट के बढ़ते इस्तेमाल के बीच गुजरात से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लाखों लोगों की जमा-पूंजी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गुजरात के एक स्टार्टअप SD Pay ने डिजिटल वॉलेट के नाम पर कथित तौर पर ऐसा जाल बिछाया, जिसमें देशभर के करीब 15 लाख लोग फंस गए।
इस मामले में अब तक 1,200 करोड़ रुपये से ज्यादा के लेनदेन का पता चला है। किसी ने घर बेचकर पैसे लगाए तो किसी ने लाखों रुपये का कर्ज लेकर निवेश किया। शुरुआत में लोगों को रोजाना अच्छा रिटर्न और कैशबैक मिलता रहा, लेकिन जब पैसे निकालने की बारी आई तो ऐप ही बंद हो गया।
घर बेचकर लगाए 9.5 लाख रुपये, वॉलेट में दिखने लगे 50 लाख
इस मामले में वडोदरा की रहने वाली 48 साल की एक महिला टीचर की कहानी काफी चौंकाने वाली है। महिला अकेले अपने कॉलेज में पढ़ने वाले बेटे की परवरिश करती हैं। उन्होंने साल 2025 में अपना 1 बीएचके फ्लैट बेचकर मिले 9.5 लाख रुपये SD Pay ऐप में निवेश कर दिए थे। शुरुआत में उन्हें इस निवेश पर अच्छा रिटर्न मिलने लगा। साल 2026 के मध्य तक उनके डिजिटल वॉलेट में 50 लाख रुपये का बैलेंस दिखने लगा। लेकिन यह रकम सिर्फ स्क्रीन पर थी, क्योंकि ऐप बंद होने के बाद वह अपना पैसा निकाल नहीं सकीं।
महिला ने बताया कि शुरुआत में उन्होंने इस स्कीम में पैसा लगाने से मना कर दिया था। हालांकि, ऐप से जुड़े लोगों ने उन्हें एस्क्रो वॉलेट और कुछ डॉक्यूमेंट्स दिखाए। इतना ही नहीं, भरोसा दिलाने के लिए एक शख्स ने उन्हें साइन किया हुआ खाली चेक भी दिया और कहा कि अगर भरोसा नहीं है तो उसमें रकम भरकर कभी भी पैसे निकाल सकती हैं। इसी तरह उनका भरोसा जीत लिया गया।
क्या था SD Pay ऐप और कैसे काम करता था इसका मॉडल?
SD Pay या Apna Pay नाम का यह मोबाइल ऐप साल 2024 में गुजरात के धवल पटेल ने लॉन्च किया था। ऐप को बिल पेमेंट और मोबाइल रिचार्ज जैसी सुविधाओं को आसान बनाने के नाम पर पेश किया गया था। शुरुआत में यूजर्स को आकर्षित करने के लिए शानदार कैशबैक और निवेश पर रोजाना ब्याज देने का वादा किया गया।
पुलिस के मुताबिक, निवेश की रकम के हिसाब से लोगों को रोजाना 0.15 से 0.30 फीसदी तक ब्याज दिया जाता था। शुरुआत में लोगों को नियमित रूप से पैसे मिलने लगे तो उनका भरोसा बढ़ता गया। इसके बाद उन्होंने अपने परिवार, दोस्तों और जानने वालों को भी इस ऐप से जोड़ना शुरू कर दिया।
जांचकर्ताओं के मुताबिक, इस पूरे मॉडल में किसी तरह की असली कमाई नहीं हो रही थी। न तो कंपनियां कोई सामान बना रही थीं और न ही कोई सेवा देकर आमदनी कमा रही थीं। पुराने निवेशकों को ब्याज और रिटर्न देने के लिए नए लोगों से आने वाले पैसे का इस्तेमाल किया जा रहा था। यानी नए निवेशकों की रकम से पुराने निवेशकों को भुगतान किया जा रहा था।

रेफरल के जरिए फैलाया गया ठगी का जाल
SD Pay का नेटवर्क बढ़ाने के लिए मल्टी लेवल मार्केटिंग यानी MLM मॉडल का इस्तेमाल किया गया। लोगों को बताया गया कि वे अपने परिचितों को ऐप से जोड़कर एक्स्ट्रा कैशबैक और कमीशन कमा सकते हैं। इसके लिए अलग-अलग लेवल पर रेफरल कैशबैक देने का वादा किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, इस स्कीम में पहले लेवल पर रेफरल से जुड़ने वाले लोगों को 30 फीसदी तक भुगतान देने का वादा था, जबकि 10वें से 15वें लेवल तक यह रकम 3 फीसदी बताई गई थी। इस तरह एक व्यक्ति के जरिए कई दूसरे लोग जुड़ते चले गए।
लोगों को जोड़ने के लिए सेमिनार, ऑनलाइन मीटिंग और जूम कॉल का सहारा लिया गया। शुरुआत में अच्छा मुनाफा कमाने वाले कुछ निवेशक खुद भी फुल टाइम इस काम में जुट गए और नए लोगों को जोड़ने लगे। धीरे-धीरे इस नेटवर्क में ऐसे लोग भी शामिल हो गए, जो खुद निवेश करने के बाद दूसरों से पैसे लगवा रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, सूरत के एक व्यक्ति ने महज 1,000 रुपये निवेश किए थे और उसे कथित तौर पर 1 करोड़ रुपये तक का फायदा हुआ। उसने अपने नेटवर्क में करीब 1.6 लाख निवेशकों को जोड़ लिया था। इससे इस स्कीम का दायरा समझा जा सकता है।
टीचर के परिवार और दोस्तों के 42 लाख रुपये फंसे
वडोदरा की महिला टीचर ने जब सोशल मीडिया पर SD Pay में निवेश से खुश होने की पोस्ट शेयर की तो उनके जानने वाले भी इस ऐप से जुड़ने लगे। उनके जरिए परिवार के 11 सदस्य और 20 सहकर्मियों समेत कुल 31 लोगों ने निवेश किया।
इन लोगों ने कुल मिलाकर करीब 42 लाख रुपये लगाए। इनमें उनकी विधवा बहन, 70 साल से ज्यादा उम्र की मां और भाई भी शामिल थे। महिला के मुताबिक, उनके रेफरल नेटवर्क के जरिए आगे करीब 800 लोग और इस स्कीम से जुड़ गए थे।
उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा भी था, जब उन्हें रोजाना 25 हजार रुपये तक ब्याज और रेफरल कैशबैक मिलने लगा था। इसी वजह से उन्हें लगा कि उनका निवेश सुरक्षित है और इस ऐप के जरिए अच्छी कमाई हो सकती है।
ब्याज मिलना बंद हुआ तो शेयर देने का दिया झांसा
मार्च 2026 तक इस स्कीम में पैसों का आना कम होने लगा। नए निवेशकों की संख्या घटने के साथ ही पुराने निवेशकों को ब्याज देना भी मुश्किल हो गया। इसके बाद आरोपियों ने निवेशकों को उनके पैसे लौटाने के बजाय कंपनी के शेयर देने शुरू कर दिए।
उन्हें बताया गया कि कंपनी जल्द ही अपना IPO लाने वाली है और शेयर बाजार में लिस्ट होने के बाद इन शेयरों की कीमत बढ़ जाएगी। वडोदरा की महिला टीचर ने बताया कि उन्हें 40 लाख रुपये के शेयर लेने के लिए मजबूर किया गया। जब उन्होंने इनकार किया तो उनसे कहा गया कि अगर शेयर नहीं लिए तो उन्हें कोई पैसा वापस नहीं मिलेगा।
अमरैली के पुलिस अधीक्षक संजय खरात के मुताबिक, इस मामले में गिरफ्तार आरोपी संतोष पाठक के SD Pay अकाउंट में 30 अक्टूबर तक 16 करोड़ रुपये जमा दिख रहे थे। उसे कंपनी के 2 लाख शेयर आवंटित किए जाने की रसीद भी दी गई थी। इन शेयरों की कीमत 20 रुपये प्रति शेयर बताई गई थी और दावा किया गया था कि कंपनी के शेयर बाजार में लिस्ट होने के बाद इसकी कीमत 100 रुपये तक पहुंच सकती है।

शिकायत मिलने के बाद कैसे खुला ठगी का मामला?
इस मामले की जांच अमरैली पुलिस ने जून 2026 में शुरू की थी। 6 जून को सावरकुंडला के एक 32 वर्षीय कंप्यूटर ऑपरेटर ने शिकायत की थी कि ऐप के जरिए उसके साथ 2 लाख रुपये की धोखाधड़ी हुई है। हालांकि, आरोपियों ने शिकायत की जानकारी मिलने के बाद उसे पैसे लौटा दिए, जिसके बाद शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत वापस ले ली।
इसके बावजूद पुलिस ने मामले की जांच जारी रखी। जांच में सामने आया कि निवेश के लिए शुरुआती रकम नकद के जरिए प्राइवेट कूरियर यानी अंगड़िया से पहुंचाई जा रही थी, जबकि रिफंड बैंक ट्रांसफर के जरिए किया जा रहा था। इससे पुलिस को शक हुआ कि इसके पीछे कोई बड़ा वित्तीय घोटाला हो सकता है।
जांच के दौरान पुलिस को एक कंपनी शिव धर्ती कम्युनिकेशन प्राइवेट लिमिटेड के यस बैंक खाते का पता चला। नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर इस कंपनी के खिलाफ अलग-अलग राज्यों से ऑनलाइन धोखाधड़ी की चार शिकायतें भी दर्ज थीं।
बाद में पुलिस को पता चला कि इसी ग्रुप के खिलाफ सितंबर 2025 में गुजरात CID क्राइम में भी FIR दर्ज की गई थी। हालांकि, उस समय निवेशक अपना पैसा निकाल पा रहे थे, इसलिए कोई खुलकर शिकायत करने के लिए आगे नहीं आया।
पुलिसकर्मी की पत्नी भी बनीं ठगी का शिकार
पुलिस को इस मामले में पहली बड़ी शिकायत एक पुलिसकर्मी की पत्नी की ओर से मिली, जिन्होंने ऐप में 10 लाख रुपये गंवाने की शिकायत की थी। इसके बाद 2 सितंबर 2026 को अमरैली साइबर क्राइम पुलिस ने SD Pay से जुड़े प्रमोटर्स, डायरेक्टर्स और अन्य आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश के अलावा अनियमित जमा योजनाओं पर प्रतिबंध लगाने वाले BUDS एक्ट, गुजरात प्रोटेक्शन ऑफ इंटरेस्ट ऑफ डिपॉजिटर्स एक्ट, प्राइज चिट्स एंड मनी सर्कुलेशन स्कीम्स बैनिंग एक्ट और आईटी एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने अलग-अलग राज्यों से पांच लोगों को गिरफ्तार किया। 12 सितंबर को मुख्य आरोपी धवल पटेल और हीरेन शाह को गुजरात और ओडिशा पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया। वहीं, गुजरात के नरेंद्रसिंह झाला और राजस्थान के मुकेश लोढ़ी समेत कुछ अन्य आरोपी फरार बताए गए हैं।

15 लाख यूजर्स, 1,211 करोड़ रुपये का लेनदेन
अमरैली पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) के मुताबिक, SD Pay ऐप को 15 लाख से ज्यादा लोगों ने डाउनलोड किया था। इनमें से 6,52,831 बैंक खातों के जरिए करीब 1,211 करोड़ रुपये का निवेश किया गया। यह आंकड़ा केवल बैंकिंग ट्रांजैक्शन का है। इसके अलावा कई एजेंटों ने निवेशकों से नकद पैसे भी लिए थे, जिनका पूरा रिकॉर्ड पुलिस के पास नहीं है।
पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर की शुरुआत तक 573 पीड़ितों ने करीब 24.42 करोड़ रुपये के नुकसान की शिकायत की थी। 31 अक्टूबर तक शिकायत करने वाले पीड़ितों की संख्या बढ़कर 876 हो गई और कुल नुकसान 37.42 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
इस मामले में छह कंपनियों के बैंक खातों के खिलाफ नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर 831 शिकायतें दर्ज हुई हैं। वहीं, आरोपियों के व्यक्तिगत बैंक खातों के खिलाफ भी 15 शिकायतें सामने आई हैं।
जांचकर्ताओं ने अब तक करीब 95 प्रमुख एजेंटों की पहचान की है, जो गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र, दिल्ली, मध्य प्रदेश और चंडीगढ़ समेत कई राज्यों में इस नेटवर्क को चला रहे थे। पुलिस ने छह कंपनियों के 38 बैंक खाते और उनके 16 डायरेक्टर्स के 72 बैंक खातों की भी पहचान की है।
हालांकि, 1,200 करोड़ रुपये से ज्यादा के इस कथित घोटाले में अब तक पुलिस सिर्फ 1.86 करोड़ रुपये की रकम जब्त कर पाई है। आरोपियों की अचल संपत्तियों का पता लगाने और उन्हें कुर्क करने की प्रक्रिया भी जारी है।

पैसे डूबने के बाद महिला टीचर ने चुना कानूनी रास्ता
इस पूरे मामले में सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि ठगी का शिकार होने वाले कई लोग खुद भी दूसरों को इस स्कीम से जोड़ चुके थे। वडोदरा की महिला टीचर ने बताया कि उन्होंने अपना घर बेचकर जो पैसे लगाए थे, वे तो फंसे ही, उनके परिवार और जानने वालों की जमा-पूंजी भी चली गई।
21 सितंबर को वह अमरैली में आठ अन्य पीड़ितों के साथ पुलिस के पास शिकायत लेकर पहुंचीं। इसी दौरान जब पुलिस आरोपी धवल पटेल, भावेश धानेचा और हीरेन शाह को कोर्ट ले जा रही थी, तो महिला पुलिस की गाड़ी के पीछे दौड़ीं और धवल पटेल को थप्पड़ मार दिया। उन्होंने उससे लोगों के पैसे लौटाने की मांग की।
महिला ने बताया कि एक समय वह इतनी परेशान हो गई थीं कि आत्महत्या करने तक के बारे में सोचने लगी थीं। उनके सामने एक तरफ पढ़ाई कर रहा बेटा था तो दूसरी तरफ बुजुर्ग मां की जिम्मेदारी। घर चलाने के लिए भी उनके पास पैसे नहीं बचे थे। हालांकि, बाद में उन्होंने कानूनी रास्ता अपनाने का फैसला किया और दूसरे पीड़ितों के साथ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
इस मामले की जांच अभी जारी है। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती उन लोगों की पहचान करना है, जिन्होंने इस नेटवर्क को जानबूझकर चलाया और उन लोगों को अलग करना है, जो खुद निवेश करने के बाद अनजाने में दूसरों को भी इस स्कीम में जोड़ते चले गए।
यह भी पढ़ें: ‘दुनिया मुझे नहाते हुए देख सकती है’, गुरुग्राम के Trump Towers में होमबायर परेशान, दो महीने तक बंद रही लिफ्ट, पर्दे लगाने से भी रोका
गुरुग्राम के सेक्टर-65 स्थित ‘ट्रम्प टावर्स’ में एक होमबायर को अपना नया घर मिलने के बाद भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 36वीं मंजिल पर फ्लैट खरीदने वाले वरुण सुहाग का आरोप है कि बिल्डर ने दो महीने तक लिफ्ट चालू नहीं की। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
