कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा न्यूज एजेंसी ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए गए इंटरव्यू पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कांग्रेस ने इसे ‘स्क्रिप्टेड और हताशा भरी पीआर एक्सरसाइज’ बताया है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इंटरव्यू का मकसद प्रमुख मुद्दों से ध्यान भटकाना था।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने रविवार को आरोप लगाया कि ट्रेड डील पर अमेरिका के सामने आत्मसमर्पण करने के कारण घेराबंदी और हमले का सामना कर रहे प्रधानमंत्री अब सुर्खियां बटोरने की अपनी पसंदीदा रणनीति का सहारा ले रहे हैं।
‘निर्मला सीतारमण का लगातार 9 बजट पेश करना महिलाओं को प्रेरित करने वाला’
जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा, “प्रधानमंत्री को पता है कि इस साल का बजट पूरी तरह से फेल रहा है। बाजारों ने नकारात्मक प्रतिक्रिया दी है और निवेशक इससे प्रभावित नहीं हुए हैं। इसलिए, उन्हें बजट पेश होने के दो सप्ताह बाद और संसद में विपक्ष द्वारा इसकी धज्जियां उड़ाए जाने के कुछ दिनों बाद इंटरव्यू देना जरूरी लगा।”
जयराम रमेश ने कहा, “उनका तथाकथित इंटरव्यू कोई इंटरव्यू नहीं है, बल्कि एक सुनियोजित और हताशाभरी पीआर एक्सरसाइज है।” उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री झुके भी हैं और थके भी हैं।”
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिये इंटरव्यू में कहा था कि इस साल का बजट ‘अभी नहीं तो कभी नहीं’ जैसा पल नहीं, बल्कि ‘हम तैयार हैं’ वाला पल था। उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित राष्ट्र बनने की भारत की प्रबल इच्छा को दिखाता है।
प्रधानमंत्री ने कुछ साल पहले लाल किले की प्राचीर से की गई “यही समय है, सही समय है” घोषणा को याद करते हुए कहा कि उनकी सरकार में “अब समय आ गया है” की भावना हमेशा से ही मौजूद रही है।
यह भी पढ़ें- ‘झूठ बोलने में माहिर पीएम मोदी और उनकी सरकार’
