आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने डिप्टी लीडर पद से हटाए जाने के बाद शुक्रवार सुबह पहली बार X पर एक वीडियो जारी कर अपनी बात रखी। राघव चड्ढा को जवाब देते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा कि वो लंबे अरसे से बीजेपी या पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ कोई भी मुद्दा नहीं उठा रहे हैं। उन्होंने कहा, “जो डर गया समझो मर गया।”
एक वीडियो पोस्ट कर सौरभ भारद्वाज ने कहा, “राघव भाई अभी आपका वीडियो देखा, हम सब लोग अरविंद केजरीवाल के सिपाही हैं। हमने तो एक ही बात सीखी थी- जो डर गया समझो मर गया। हम सबको तो लोगों को मुद्दे उठाने थे, सरकार की आंख में आंख डालकर…”
उन्होंने आगे कहा, “पिछले कुछ दिनों में हमने देखा, जो भी कोई सीरियस मुद्दे सरकार के खिलाफ उठाता है, सरकार से प्रश्न पूछता है, लोगों की बात करता है, सरकार डिक्टेटर की तरह उसको तमाम सोशल मीडिया पर बैन कर रही है। सरकार FIR दर्ज करवा रही है।”
राधव चड्ढा पर लगाया सॉफ्ट पीआर करने का आरोप
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सरकार को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि कोई संसद में अपना सॉफ्ट पीआर करे क्योंकि संसद में एक छोटी सी पार्टी का सीमित टाइम होता है। संसद में समोसों की बात उठाने से ज्यादा जरूरी है कि देश के बड़े मुद्दों की बात उठाई जाए।
उन्होंने आगे कहा, “पूरे देश में हमने देखा हर राज्य में चुनाव से पहले सही लोगों के वोट काटे जाते हैं और नकली और झूठे वोट बनाकर सरकार पूरी बेईमानी के साथ सिस्टम पर कब्जा करके चुनाव जीत रही है। पश्चिम बंगाल में भी यही हो रहा है, अभी सारी विपक्षी पार्टियों ने CEC को इंपीच करने के लिए मोशन लाना चाहा, आपने उसको साइन करने से मना कर दिया।”
‘जब केजरीवाल को गिरफ्तार किया, आप विदेश चले गए’
सौरभ भारद्वाज ने राघव चड्ढा पर आरोप लगाया कि संसद में जब भी किसी मुद्दे पर विपक्ष वॉक आउट करता है तो वो वॉक आउट नहीं करते हैं। उन्होंने कहा, “पिछले कई अरसे में मैंने देखा आपने कोई भी मुद्दा सदन में नहीं उठाया जिसमें आपने प्रधानमंत्री या बीजेपी की सरकार से प्रश्न किया हो। ऐसे डर कर राजनीति कैसे चलेगी। हम लोगों को पंजाब के मुद्दे उठाने हैं, जहां से आप चुन कर आते हो, आप वो मुद्दे भी उठाने से घबराते हैं।”
आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक ने आगे कहा, “अभी गुजरात में करीब पार्टी के 160 कार्यकर्ताओं पर झूठी FIR दर्ज की गई, आप उसपर चुप रहे। अरविंद केजरीवाल जी को बतौर सीएम एक झूठे मुकदमे में गिरफ्तार कर लिया, तब आप कहीं जाकर छिप गए, आप देश में नहीं थे।”
‘सरकार को आपके सॉफ्ट मुद्दों से फर्क नहीं पड़ता’
सौरभ भारद्वाज ने कहा, “मेरा मानना ये है कि देश के लिए असली मुद्दे हमें निडरता से और साहस से उठाने पड़ेंगे। आपके सॉफ्ट मुद्दों से उनको कोई फर्क नहीं पड़ता बल्कि बीजेपी तो कल से आपको सोशल मीडिया पर सपोर्ट कर रही है। आप इसके बारे में सोचिएगा और देखिएगा कि आप कहा से चले थे और कहां आ गए। देश को किन चीजों की जरूरत है और आप कैसे बेहतर कर सकते हैं।”
यह भी पढ़ें: केजरीवाल के ‘करीबी’ राघव चड्ढा से क्यों उठा AAP का भरोसा?
राघव चड्ढा 2012 में AAP में शामिल हुए थे और 2022 से राज्यसभा में हैं। उन्हें पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शामिल नहीं किया गया। AAP के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक इससे यह साफ हो गया कि पार्टी जल्द ही कुछ बड़ा कदम उठा सकती है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
