दिल्ली जल बोर्ड से जुड़े भ्रष्टाचार के कथित मामले में दिल्ली का राउज एवेन्यू कोर्ट ने आम आदमी पार्टी के नेता सत्येंद्र जैन को जमानत दे दी है। कोर्ट ने सत्येंद्र जैन को 2 लाख रुपये का पर्सनल बेल बॉन्ड और दो जमानतदार पेश करने का निर्देश दिया।

न्यूज एजेंसी PTI द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मामले की सुनवाई के दौरान स्पेशल जज दिग विनय सिंह ने मौखिक रूप से दिए एक संक्षिप्त आदेश में कहा, “जमानत की अर्जी मंजूर की जाती है।”

कोर्ट द्वारा जमानत दिए जाने के बाद परिसर से निकलते समय मीडिया के एक सवाल के जवाब में सत्येंद्र जैन ने कहा कि यह सच्चाई की जीत है।

19 अगस्त को न्यायिक हिरासत में भेजे गए थे 

दिल्ली जल बोर्ड के एक टेंडर से जुड़े मामले में सत्येंद्र जैन को 19 अगस्त को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। यह टेंडर सत्येंद्र जैन के दिल्ली के जल मंत्री रहने के दौरान दिया गया था।

सत्येंद्र जैन पर आरोप है कि उन्हें बिना किसी टेक्निकल फिजिबिलिटी स्टडी के रोहिणी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) की क्षमता को मनमाने ढंग से 15 मिलियन गैलन प्रति दिन से बढ़ाकर 30 MGD कर दिया। उनके इस फैसले से STP की लागत में लगभग 123 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई।

यह मामला मई 2024 में डायरेक्टरेट ऑफ  विजिलेंस की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत में DJB द्वारा STP की क्षमता बढ़ाने और उन्हें अपग्रेड करने की प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं, टेंडर की शर्तों में हेरफेर और आपराधिक साज़िश का आरोप लगाया गया था।

आप बोली- पंजाब चुनाव डिस्टर्ब करना चाहती है बीजेपी

सत्येंद्र जैन को जमानत मिलने के बाद आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता अनुराग ढांडा ने कहा कि बीजेपी का बुरा समय चल रहा है। जब समय बुरा चल रहा होता है तो कोई चाल सही नहीं पड़ती। उन्होंने कहा कि बीजेपी पंजाब के चुनाव को डिस्टर्ब करना चाहती है, इसलिए स्पेशल सेल, ईडी, सीबीआई और अन्य एजेंसियां को लगाया हुआ है। 

अनुराग ढांडा ने आगे कहा कि सत्येंद्र जैन सह-प्रभारी हैं पंजाब के, पंजाब के चुनाव को डिस्टर्ब करने का यह बीजेपी का पहला प्रयास था, जो फेल हो गया। सत्येंद्र जैन को कोर्ट से जमानत मिल गई। सच्चाई की जीत हुई। हम संघर्ष इसी तरह से जारी रखेंगे। बीजेपी के पास ईडी है, सीबीआई है, स्पेशल सेल है, पुलिस है तो आम आदमी पार्टी के पास आम आदमी का समर्थन है। बीजेपी कितनी भी चालें चल ले, सारी बेनकाब होंगी।

यह भी पढ़ें: सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर केजरीवाल-मान ने लगाया साजिश का आरोप

सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए इसे पंजाब चुनाव की तैयारियों को प्रभावित करने की कोशिश बताया था। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।