आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात की है। इसके बाद से सियासी गलियारों में चर्चा होने लगी है कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा में सपा और आप एक साथ चुनाव लड़ने की योजना तो नहीं बना रही है।
संजय सिंह लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय पहुंचे और अखिलेश यादव से उन्होंने मुलाकात की। 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यह मुलाकात बेहद अहम मानी जा रही है। हालांकि दोनों पार्टियों की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन कयास लग रहे हैं कि दोनों चुनाव के मद्देनजर साथ आ सकते हैं।
संविधान और आरक्षण के लिए भाजपा सबसे बड़ा खतरा- संजय सिंह
संजय सिंह ने मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट भी लिखा कि संविधान और आरक्षण के लिए भाजपा सबसे बड़ा खतरा है। भाजपा ने आरक्षण खत्म करने को लेकर फिर से मुहिम तेज कर दी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि भाजपा की इस कोशिश को नाकाम करना होगा।
उन्होंने 69 हजार शिक्षक भर्ती वाले मुद्दे को भी उठाया और कहा कि योगी सरकार ने 69 हजार शिक्षक भर्ती में पिछड़ों का हक मारा है। इस मामले पर सड़क से लेकर संसद और सुप्रीम कोर्ट तक उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ी जाएगी। ऐसे कई मुद्दों पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से विस्तारपूर्वक चर्चा हुई।
आप यूपी में तलाश रही जमीन
इधर अखिलेश यादव भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए पुरजोर कोशिश में जुट गए हैं। वह कांग्रेस के साथ मिलकर भाजपा की विजयरथ को रोकने की कोशिश कर रहे है। वहीं, आप भी यूपी में अपनी सियासी जमीन तलाशने में जुटी हुई है। कई सालों से संजय सिंह यहां आप के लिए जमीन खोज रहे हैं।
2025 के दिल्ली विधानसभा में आप को दिया था अखिलेश ने समर्थन
आप और सपा का आपसी प्रेम 2025 के दिल्ली चुनाव में ही देखने को मिला था, जब 2025 के विधानसभा चुनाव में आप के लिए अखिलेश यादव ने कांग्रेस को नाराज करते हुए अरविंद केजरीवाल के लिए दिल्ली में रोड शो किया था। सपा प्रमुख ने रिठाला और किराड़ी जैसी विधानसभा सीटों पर आप उम्मीदवारों के लिए वोट मांगे थे।
यह भी पढ़ें: ‘आरक्षण विरोधी मानसिकता…’ कोटा सिस्टम के खिलाफ आंदोलन पर मायावती बोलीं- पिछड़ों का हक छीनने की साजिश
बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मायावती ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर आरक्षण के खिलाफ हुए प्रदर्शन और आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने इसे देशहित के खिलाफ बताते हुए कहा कि ऐसे कदमों से समतामूलक समाज और देश के संवैधानिक ढांचे को नुकसान पहुंचता है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
