Ajit Pawar Plane Crash: महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम उपमुख्यमंत्री अजित पवार के प्लेन हादसे में निधन के बाद से राज्य में राजनीतिक गतिविधियां काफी तेज हो गई हैं। कई विपक्षी नेता अजित पवार के निधन पर संदेह जता चुके हैं। अब शिवसेना यूबीटी के नेता संजय राउत ने भी हादसे पर संदेह जताया और बीजेपी पर अजित पवार को धमकाने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष गहन जांच की मांग की।

दरअसल, शिवेसना यूबीटी के नेता संजय राउत ने न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में कहा, “अजीत दादा की दुर्घटना पर सवाल जरूर उठेंगे, और उठने भी चाहिए। महाराष्ट्र के दिग्गज नेता अजीत पवार की जिस तरह से विमान दुर्घटना में मृत्यु हुई और जो तथ्य सामने आ रहे हैं, उनकी जांच होनी चाहिए।”

आज की बड़ी खबरें

‘कुछ तो गड़बड़ है’

संजय राउत ने हादसे पर संदेह जताते हुए कहा, “मुझे लगता है कि इसमें कुछ गड़बड़ है। ये सवाल अजीत दादा की पार्टी उठा रही है। उनकी मृत्यु संदिग्ध है। पर्दे के पीछे कुछ तो हुआ है। अजीत दादा ने कहा था कि वे ‘घर लौटना’ चाहते हैं, जिसके बाद भाजपा के लोगों ने उन्हें सिंचन घोटाले की फाइलों से धमकाया।

सिंचाई घोटाले का उठाया मुद्दा

संजय राउत ने कहा कि अजित पवार ने उन्हीं सिंचाई घोटाले की फाइलों को लेकर उन्हें जवाब दिया। इसके 10 दिन के भीतर ही उनकी रहस्यमय तरीके से मृत्यु हो गई। इससे हम क्या समझते हैं? यह हमें न्यायमूर्ति लोया की याद दिलाता है। क्या यहां किसी ने कुछ किया है?

बारामती में लैंडिंग के दौरान हुआ था हादसा?

बता दें कि अजित पवार जब जिला पंचायत चुनाव के लिए प्रचार करने मुंबई से बारामती जा रहे थे, तो बारामती एयरपोर्ट पर उनका विमान लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार हो गया था। इसके चलते मौके पर ही उनकी, और विमान में सवार उनके सुरक्षा गार्ड और क्रू मेंबर्स का निधन हो गया था।

उनके निधन को लेकर पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी भी कह चुकी हैं कि अजित पवार, अपने चाचा शरद पवार से लगातार बात कर रहे थे, और दोनों साथ आने की तैयारी भी कर रहे थे। इसी बीच प्लेन हादसे में उनकी मौत संदेह पैदा करती है। ममता बनर्जी ने भी इस मामले में स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग की थी।