Sanjay Raut on Rahul Gandhi: शिवसेना (उद्धव ठाकरे) नेता संजय राउत (Sanjay Raut) भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) से लौटकर कांग्रेस सांसद (Congress MP) राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के मुरीद हो गए हैं। उनका कहना है कि वे प्रधानमंत्री भी बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में कोई भी प्रधानमंत्री बन सकता है। अगर जनता चाहे तो।
2024 के चुनाव में पीएम मोदी को कड़ी टक्कर दे सकते हैं राहुल गांधी: Sanjay Raut
संजय राउत जम्मू में कांग्रेस की यात्रा में शामिल हुए थे। यहां भी उन्होंने राहुल गांधी की तारीफ की थी और कहा कि 2024 के चुनाव में अगर कोई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टक्कर दे सकता है, तो वह राहुल गांधी हैं और भाजपा के तानाशाही शासन को समाप्त कर सकते हैं। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के बिना विपक्षी मोर्चे का कोई मतलब नहीं है।
राउत ने द इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए कहा, ‘विपक्षी दल एक ही बैनर तले साथ आने की कोशिश कर रहे हैं। तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने इस दिशा में पहल की है। राव द्वारा बुलाई गई बैठक में अखिलेश यादव, अरविंद केजरीवाल और पिनरई विजयन उपस्थित थे। लेकिन ये नेता क्षेत्रीय दलों का नेतृत्व कर रहे हैं और कांग्रेस को दूर रखने की कोशिश कर रहे हैं। वे कांग्रेस से क्यों डरते हैं? कांग्रेस को दूर रखकर, विपक्षी एकता बनाना असंभव है।’
लोकप्रियता में पीएम मोदी को टक्कर दे रहे राहुल गांधी: संजय राउत
उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा को जिस तरह की प्रतिक्रिय मिल रही है, उससे साफ है कि राहुल गांधी राजनीतिक रूप से और लोकप्रियता दोनों में पीएम मोदी को चुनौती दे रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘विपक्ष को भारत जोड़ो यात्रा से सीख लेनी चाहिए। राहुल पसंदीदा नेता बनकर उभरे हैं। अगर विपक्ष कांग्रेस से हाथ मिला लेता है और राहुल आगे बढ़कर नेतृत्व करते हैं तो भाजपा के तानाशाही शासन को रोका जा सकता है। राहुल गांधी नरेंद्र मोदी को कड़ी टक्कर दे रहे हैं।’