शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने शुक्रवार को अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की राशि में कथित गड़बड़ी को लेकर केंद्र की बीजेपी सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के लोगों को चोरी की आदत है और वे ईवीएम से लेकर भगवान राम को चढ़ाए गए चढ़ावे तक सब कुछ चुरा लेते हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए राउत ने कहा कि शिवसेना (यूबीटी) जल्द ही अयोध्या जाएगी, जहां पार्टी नेता भगवान राम के दर्शन करेंगे और उनसे क्षमा मांगेंगे।
‘भगवान राम के चढ़ावे तक को नहीं छोड़ा’
राउत ने कहा, “राम मंदिर के चढ़ावे में 5 करोड़ रुपये से ज्यादा की डकैती कैसे हुई, यह सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है। अगर भगवान राम को चढ़ाए गए 5 करोड़ रुपये चोरी हो गए हैं, तो इसकी जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश और केंद्र सरकार दोनों की है। आप ईवीएम चुराते हैं, वोट चुराते हैं, सीटें चुराते हैं और अब भगवान राम के चढ़ावे तक को नहीं छोड़ा। आपके यहां हर तरफ चोरी ही चोरी है।”*
उन्होंने आगे कहा, “हमें लगता है कि भगवान राम हमें फिर से अयोध्या बुला रहे हैं। कल मेरी उद्धव ठाकरे से बात हुई और मैंने उनसे कहा कि हमें अयोध्या जाना चाहिए। इसलिए अयोध्या जाने का कार्यक्रम बनाया जा रहा है। हम सबसे पहले भगवान राम के दर्शन करेंगे, उनके सामने सिर झुकाएंगे और उनसे क्षमा मांगेंगे।”
संजय राउत की यह टिप्पणी समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद आई है। अखिलेश यादव ने दावा किया था कि राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए करोड़ों रुपये के चढ़ावे में गड़बड़ी हुई है और इसकी न्यायिक जांच कराई जानी चाहिए।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब अयोध्या के पूर्व सपा विधायक पवन पांडेय ने आरोप लगाया कि मंदिर में चढ़ावे के रूप में मिले करीब 7 से 7.5 करोड़ रुपये का गबन हुआ है। हालांकि, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।
वहीं, अखिलेश यादव ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार की चुप्पी शक पैदा करती है। उन्होंने न्यायपालिका से मामले का संज्ञान लेने की अपील की और मंदिर प्रशासन से संबंधित सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग भी की।
यह भी पढ़ें – EXPLAINED: राम मंदिर दान प्रकरण क्या है? आखिर क्यों गर्मा रहा मामला
राम मंदिर में दान की गई राशि के गबन का मामले ने तूल पकड़ लिया है। इसको लेकर समाजवादी पार्टी, आम आदमी पार्टी से लेकर स्थानीय नेताओं ने भी सवाल खड़े किए हैं। इस पूरे मामले को लेकर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के शिष्य महंत कमल नयन दास ने जांच की मांग की है। पूरी खबर पढ़ें…
