‘मेरी उम्र 108 साल है, यंग लीडर राहुल गांधी हैं, बिरयानी खाकर खालिस्तानी झंडा फहराएंगे’, बोले संबित पात्रा
संबित पात्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी जिम्मेदारी है कि वे अशांति न फैलाए, पर ये राहुल गांधी देश को भड़का क्यों रहे हैं।

कृषि कानूनों पर केंद्र सरकार और किसान संगठनों के बीच विवाद सुलझता नहीं दिख रहा है। सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बावजूद जहां किसान मुद्दों को सुलझाने के लिए बनाई गई कमेटी के साथ बातचीत के लिए तैयार नहीं हैं, वहीं केंद्र भी लगातार विपक्ष पर किसानों को भड़काने का आरोप लगा रहा है। ऐसा ही वाकया देखने को मिला रिपब्लिक टीवी की डिबेट में, जहां भाजपा नेता संबित पात्रा ने कांग्रेस नेता विनोद सिंह को खरी-खरी सुनाई। उन्होंने इस दौरान खालिस्तान के मुद्दे पर राहुल गांधी को भी घेरा।
क्या कहा संबित पात्रा ने?: भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने रिपब्लिक टीवी के डिबेट में खालिस्तानी समर्थकों के किसान आंदोलन में घुसने का आरोप लगाया। पात्रा ने कहा कि सिख फॉर जस्टिस के झंडे आंदोलन में लहराए जा चुके हैं। साथ ही एसएफजे की एक चिट्ठी भी आई है, जिसे उनके नेता पन्नून ने लिखा है। उन्होंने कहा है कि अगर आप इंडिया गेट पर खालिस्तान का झंडा फहराते हैं, एंटी-इंडिया एक्टिविटी करते हैं, तो वे 2.5 लाख डॉलर देंगे।
संबित पात्रा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ लोगों को भड़काने की कोशिश जो संगठन कर रहे हैं, यह सही नहीं है। संबित ने कहा कि राहुल गांधी जो देश के इतने बड़े नेता बनते हैं, उन्हें ट्वीट करना चाहिए कि कोई भी पन्नून की बात न माने। यह उनकी जिम्मेदारी है और कोई भी इस प्रकार ट्रैक्टर रैली करके देश में अशांति न फैलाए, ये राहुल गांधी देश को भड़का क्यों रहे हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता बोले- इस उम्र में बचकानी बहस करते हैं संबित: इस पर कांग्रेस नेता विनोद सिंह ने संबित पात्रा पर पलटवार करते हुए कहा, “आप हीन भावना से ग्रसित हैं। ये लगभग 58 वर्ष की आयु में बचकानी बहस करते हैं।” हालांकि, संबित ने कहा कि मेरी उम्र 108 वर्ष है। 58 वर्ष की उम्र तो अभी यंग लीडर राहुल गांधी की है। मुझे आप छोटा मत बनाइए। संबित ने कहा कि पन्नून के फेवर में, इन्हें राहुल गांधी ने भेजा है।
इसके बाद जब कांग्रेस नेता ने पीएम मोदी के पाकिस्तान में प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के साथ बिरयानी खाने के मुद्दे को उठाया, तो संबित ने इस पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा, “यह बिरयानी बहस में कहां से आया। हम बिरयानी खाने चले गए थे, तो आप खालिस्तान का झंडा फहराएंगे। कहीं यही तो पन्नून तो नहीं। लग रहा है यही पन्नून है।”
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।