केंद्रीय सरकार ने राजीव गांधी खेल रत्न अवॉर्ड का नाम बदलकर मेजर ध्यानचंद अवॉर्ड कर दिया है। इस बात को लेकर पीएम मोदी ने ट्वीट भी किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था कि उन्हें देशभर से लोगों के अनुरोध प्राप्त हुए थे। उनकी भावनाओं को ध्यान में रखते हुए राजीव गांधी खेल रत्न अवॉर्ड का नाम ‘मेजर ध्यानचंद‘ अवॉर्ड किया गया है। अवॉर्ड को लेकर न्यूज 18 के डिबेट शो आर-पार में भी चर्चा हुई, जहां संबित पात्रा ने गांधी परिवार के नाम पर मौजूद स्टेडियम, टूर्नामेंट और पुरस्कार गिनाए।
संबित पात्रा ने इस बारे में बात करते हुए कहा, “450 परियोजनाएं, संस्थान और योजनाएं गांधी परिवार के नाम पर हैं। 12 सेंट्रल और 52 राज्य की योजनाएं गांधी परिवार के नाम पर हैं। 28 खेल टूर्नामेंट और ट्रॉफी गांधी परिवार के नाम पर हैं।”
संबित पात्रा ने अपने बयान में आगे कहा, “19 स्टेडियम गांधी परिवार के नाम पर है। पांच एयरपोर्ट और पोर्ट गांधी परिवार के नाम पर है। 98 शिक्षण संस्थान गांधी परिवार के नाम पर मौजूद हैं। 51 पुरस्कार गांधी परिवार के नाम पर हैं। 15 नेशनल स्टेडियम और पार्क भी इन्हीं के परिवार के नाम पर है।”
गांधी परिवार के लिए कांग्रेसियों का गीत:
“मेरे प्यार की उमर हो इतनी सनम
तेरे नाम पे शुरू तेरे नाम पे ख़त्म..” pic.twitter.com/2QBWoBANu8— Sambit Patra (@sambitswaraj) August 6, 2021
संबित पात्रा ने सूची को गिनवाते हुए आगे कहा, “39 अस्पताल और मेडिकल संस्थान गांधी परिवार के नाम पर बने हैं, 74 सड़कें, जगहें और बिल्डिंग गांधी परिवार के नाम पर बनी हैं और जो स्पोर्ट्स इवेंट और टूर्नामेंट गांधी परिवार के नाम पर हैं, उनमें जवाहर लाल नेहरू गोल्ड कप फुटबॉल टूर्नामेंट, जवाहर लाल नेहरू हॉकी टूर्नामेंट जैसी कई चीजें शामिल हैं।”
संबित पात्रा ने अपने इस वीडियो को ट्विटर हैंडल से भी शेयर किया। उन्होंने कांग्रेस पार्टी और गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए लिखा, “गांधी परिवार के लिए कांग्रेसियों का गीत: ‘मेरे प्यार की उम्र हो इतनी सनम, तेरे नाम से शुरू तेरे नाम पे खत्म।”
संबित पात्रा के ट्वीट को लेकर सोशल मीडिया यूजर ने भी खूब कमेंट किये। शिल्पि सिंह नाम की यूजर ने लिखा, “खेल से जुड़ी चीजें खिलाड़ियों के नाम से होनी चाहिए। नरेंद्र मोदी स्टेडियम का नाम बदलकर अब मिल्खा सिंह के नाम पर रखा जाए।” विनोद नाम के यूजर ने लिखा, “शानदार, मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड, आगे गुजरात में नरेंद्र मोदी स्टेडियम।”