लोकसभा चुनाव 2024 से एक साल पहले समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने बड़ा राजनीतिक ऐलान किया है। अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कोलकाता में कहा कि उनकी पार्टी कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (BJP) दोनों से बराबर दूरी बनाकर रखेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा को हराने के लिए समाजवादी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) अध्यक्ष ममता बनर्जी के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
बंगाल में ममता दीदी के साथ सपा- अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद कहा, ‘‘बंगाल में हम ममता दीदी के साथ हैं। इस समय हमारा रुख है कि हम भाजपा और कांग्रेस दोनों से समान दूरी रखना चाहते हैं।’’ इससे पहले कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख ने साल 2021 में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए ममता बनर्जी की सराहना की। उन्होंने कहा, ‘‘समाजवादी पार्टी हमारे संविधान को बचाने के लिए कोई भी बलिदान देने को तैयार है। अगर हम उत्तर प्रदेश में भाजपा को हरा सके, तो भाजपा को पूरे देश में हराया जा सकता है।’’ साथ ही अखिलेश यादव ने क्षेत्रीय दलों से एकजुट होने का आह्वान किया।
केंद्र सरकार पर देश की संपत्ति बेचने का आरोप
अखिलेश यादव ने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर देश की संपत्तियों को विदेशी शक्तियों और निजी क्षेत्र को बेचने का आरोप लगाया। उन्होंने ईडी- सीबीआई जांच को लेकर भी केंद्र सरकार पर हमला बोला। अखिलेश यादव ने भाजपा के खिलाफ तंज कसने के साथ ही प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस को भी निशाने पर लिया। हालांकि, अखिलेश यादव पहले कांग्रेस का साथ देते रहे हैं।
Loksabha Election 2024 साथ मिलकर लड़ सकते हैं Mayawati-Akhilesh Yadav, क्या है सियासी कयासबाजी का सच | Video
लोकसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का साथ
लोकसभा चुनाव 2024 से पहले तृणमूल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने भाजपा और कांग्रेस से बराबर दूरी बनाकर रखने वाली क्षेत्रीय पार्टियों को एक मंच पर लाने का फैसला किया है। कोलकाता में अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की।
इसके बाद विपक्ष की ओर से ममता बनर्जी को प्रधानमंत्री पद के चेहरे के तौर पर देखे जाने की चर्चा शुरू हो गई। हालांकि, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और तृणमूल कांग्रेस नेता सुदीप बनर्जी ने साफ किया कि इसे बाद में मिलकर तय किया जाएगा।