समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। अखिलेश यादव बृहस्पतिवार को अयोध्या में भागवत कथा में मौजूद श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने मंच से कहा कि सुदर्शन चक्र सज्जनों की रक्षा के लिए है उन्हें डराने के लिए नहीं है।

अखिलेश यादव ने कहा, “जो बड़े-बड़े दावे करने वाले मुख्यमंत्री अगर इतना ही आश्वस्त हैं, तो खुद अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं।”

उत्तर प्रदेश में अगले साल फरवरी-मार्च में विधानसभा के चुनाव होने हैं और इसके लिए चुनावी मैदान पूरी तरह सज चुका है। उत्तर प्रदेश के चुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा की अगुवाई वाले एनडीए गठबंधन और सपा-कांग्रेस वाले इंडिया गठबंधन के बीच है।

सपा ने पवन पांडेय को बनाया उम्मीदवार

अयोध्या की सीट से समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपने पहले उम्मीदवार के तौर पर पवन पांडेय के नाम का ऐलान किया था।

अखिलेश यादव ने कहा, “अहंकार, सत्ता, भेदभाव, जाति, ऊंच-नीच, छुआछूत का वंदन आज हमारे सामने है। हमारे लिए तो जो प्रभु श्री राम हैं वही प्रभु श्री कृष्ण हैं और जो श्री कृष्ण हैं वही श्री राम हैं। कथा मन और मनोबल को बढ़ाने का काम करती है।”

अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर हर साल माता-बहनों को 40 हजार रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी तो किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं होगा और किसी के दुकान और मकान को उजाड़ा भी नहीं जाएगा।

अखिलेश ने कहा, “आने वाले समय में जब समाजवादी सरकार बनेगी तो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कैसे अयोध्या की पहचान हो उसके लिए विकास को हम गति देने का काम करेंगे।”

अखिलेश यादव के इस बयान को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच बढ़ती राजनीतिक लड़ाई के तौर पर देखा जा रहा है।

राजनीतिक लिहाज से अहम है अयोध्या

अयोध्या उत्तर प्रदेश की राजनीति में बेहद महत्वपूर्ण है। यहां सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद राम मंदिर का निर्माण हुआ है और अयोध्या की राजनीतिक अहमियत भी है। बीजेपी के लिए अयोध्या हिंदुत्व की राजनीति के प्रतीक के तौर पर भी अहम है।

समाजवादी पार्टी पिछले कई महीनों से उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार और केंद्र की मोदी सरकार के कामकाज पर लगातार सवाल उठा रही है।

यह भी पढ़ें- सख्त रुख क्यों अपना रहे हैं सपा और कांग्रेस?

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान का दौर शुरू हो गया है। दोनों दल गठबंधन को मजबूत बता रहे हैं लेकिन साथ ही ऐसे कदम भी उठा रहे हैं, जो एक-दूसरे को असहज कर रहे हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।