Sam Altman vs Elon Musk: इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के लिए भारत आए ओपेन एआई के प्रमुख सैम ऑल्टमैन ने इंडियन एक्सप्रेस के ‘एक्सप्रेस अड्डा’ में द इंडियन एक्सप्रेस के कार्यकारी निदेशक अनंत गोयनका के साथ कई मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान सैम ऑल्टमैन और एलन मस्क के बीच वैचारिक मतभेदों पर भी बात हुई। इशारों-इशारों में ही सैम ने मस्क के एक प्रोजेक्ट को बेतुका तक बता दिया।

दरअसल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर पर चर्चा करते हुए सैम ऑल्टमैन ने अंतरिक्ष में डेटा सेंटर स्थापित करने के विचार को “हास्यास्पद” करार दिया। अहम बात यह है कि ऑल्टमैन का ये रुख, मस्क के उस विजन के विपरीत है, जिसमें वे सौर ऊर्जा और उपग्रहों के माध्यम से गणना (computation) को पृथ्वी से बाहर ले जाने की वकालत करते रहे हैं।

अंतरिक्ष में डेटा सेंटर को लेकर क्या बोले सैम ऑल्टमैन

सैम ऑल्टमैन ने इस दौरान चुनौतियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में अंतरिक्ष में हार्डवेयर भेजने का खर्च बहुत अधिक है। इसके अलावा रखरखाव की चुनौतियां भी बहुत ज्यादा हैं। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष में खराब हुए GPU (ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट) को ठीक करना बेहद कठिन है। इसके अलावा समय सीमा को लेकर उन्होंने कहा कि इस दशक में बड़े पैमाने पर ऑर्बिटल डेटा सेंटर हकीकत नहीं बन पाएंगे।

पुरानी दोस्ती और बढ़ता विवाद

गौरतलब है कि सैम ऑल्टमैन और एलन मस्क की प्रतिद्वंद्विता काफी गहरी है, क्योंकि दोनों ने 2015 में एक साथ मिलकर OpenAI की शुरुआत की थी। उस समय इसका उद्देश्य एक ‘नॉन-प्रॉफिट’ संस्था के रूप में AI को किसी एक कंपनी के एकाधिकार से बचाना था। 2018 में एलन मस्क ने टेस्ला के साथ हितों के टकराव के कारण OpenAI छोड़ दिया था।

एलन मस्क के जाने के बाद OpenAI ‘कैप्ड-प्रॉफिट’ मॉडल में बदल गई और माइक्रोसॉफ्ट से अरबों डॉलर का निवेश प्राप्त किया। एलन मस्क ने OpenAI पर अपनी मूल विचारधारा से भटकने का आरोप लगाया और उन पर मुकदमा भी किया। बाद में मस्क ने अपनी खुद की AI कंपनी, xAI और मॉडल Grok लॉन्च किया था।

क्या मस्क और ऑल्टमैन के बीच फिर होगी दोस्ती?

एलन मस्क और सैम ऑल्टमैन की बीच लंबे वक्त से दोस्ती थी लेकिन फिर बड़ा टकराव हो गया। ऐसे में जब ‘एक्सप्रेस अड्डा’ में अनंत गोयनका ने ऑल्टमैन से पूछा कि क्या वे और मस्क कभी फिर से दोस्त बनेंगे, तो ऑल्टमैन ने मजाकिया लहजे में कहा, “मुझे लगता है कि मस्क और मेरा फिर से दोस्त बनना कम मुमकिन है।”

यह भी पढ़ें: ‘इंटरनेट पर हंसने के लिए कुछ तो होना चाहिए’, सैम ऑल्टमैन ने डारियो अमोदेई के साथ हाथ न मिलाने पर दी सफाई

Sam Altman | Elon Musk | openai | hindi news | latest news | ai summit
एक्सप्रेस अड्डा में सैम ऑल्टमैन (Source: Indian Express )

OpenAI के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने शुक्रवार को द इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के कार्यक्रम एक्सप्रेस अड्डा में शिरकत की। यहांं उन्होंने द इंडियन एक्सप्रेस के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत गोयनका के साथ बातचीत की। इस दौरान ऑल्टमैन ने कहा कि नौकरियों पर एआई के प्रभाव का अनुमान लगाना कठिन है। पूरी खबर पढ़िए…