दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में कॉकरोच जनता पार्टी का विरोध प्रदर्शन जारी है। वे चुनाव में हुई गड़बड़ियों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। इस बीच, भारतीय मूल के मशहूर ब्रिटिश-अमेरिकी लेखक सलमान रुश्दी ने इस समूह का समर्थन करते हुए कहा, “कॉकरोच का जश्न मनाओ।”

‘भारत उबल रहा है’ कहकर और युवाओं की तारीफ करते हुए रुश्दी ने कहा, “भारत के युवाओं ने हमें बहुत लंबे समय बाद सबसे आशाजनक क्षण दिया है।” द सैटेनिक वर्सेस के लेखक ने गुरुवार को न्यूयॉर्क शहर में एशियन अमेरिकन राइटर्स वर्कशॉप के लिए आयोजित एक फंडरेजिंग डिनर के दौरान ये बातें कहीं।

भारत उबल रहा है- रुश्दी

लेखक और पत्रकार अमितावा कुमार ने सबस्टैक पर रुश्दी के हवाले से लिखा, “भारत में इस समय कुछ खास हो रहा है। भारत उबल रहा है और मुझे यह कहने में शर्म आ रही है, शायद किसी रेस्टोरेंट में यह कहना ठीक नहीं होगा कि कॉकरोच का भी जश्न मनाया जाए। भारत के युवाओं ने हमें लंबे समय बाद सबसे ज्यादा उम्मीद जगाने वाला पल दिया है।”

बुकर पुरस्कार विजेता ने अतीत में भारत के बारे में बात करते हुए अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमलों और बढ़ते हिंदू राष्ट्रवाद की ओर इशारा किया था। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब सीजेपी ने चुनाव में अनियमितताओं को लेकर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन कर रही है। युवाओं के इस समूह ने जुलाई में नीट पेपर लीक के खिलाफ भी विरोध प्रदर्शन किया था, जिसके चलते तत्कालीन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा था।

हम सभी हर त्योहार मनाते थे- सलमान रुश्दी

सलमान ने बताया कि जब वे बंबई में बड़े हो रहे थे, तब त्योहार सभी के लिए होते थे। उन्होंने कहा, “इससे कोई फर्क नहीं पड़ता था कि हम हिंदू हैं, मुसलमान हैं, सिख हैं, ईसाई हैं या पारसी। हम सभी हर त्योहार मनाते थे। कल शाम की सभा में यह भावना जीवंत थी, लेकिन सलमान ने सुझाव दिया कि शायद भारत में अब यह भावना उस तरह से जीवित नहीं रही।”

फिल्म निर्माता मीरा नायर का जन्मदिन भी इसी कार्यक्रम के दौरान मनाया गया। उन्होंने खुद को ‘कॉकरोच मॉम’ कहा। मीरा ने कहा कि उन्हें भारत के उन ‘कॉकरोचों’ (युवाओं) पर गर्व है जो लोकतंत्र के लिए लड़ रहे हैं।

यह भी पढ़ें: CJP के तिरंगा मार्च से पहले अभिजीत दीपके के घर पहुंची दिल्ली पुलिस, थमाया नोटिस

दिल्ली पुलिस की टीम शुक्रवार को झंडेवालान में उस घर पर पहुंची जहां CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ठहरे हुए हैं। पुलिस ने उन्हें कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च नहीं निकालने का नोटिस दिया है। दीपके ने शुक्रवार (16 अक्टूबर) को शाम 5 बजे ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च का आह्वान किया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…