जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब नदियों और बांधों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। मंगलवार को रियासी जिले में स्थित सलाल बांध के सभी गेट खोल दिए गए क्योंकि चिनाब नदी और बांध के जलाशय में पानी बहुत तेजी से आ रहा था। प्रशासन ने जलाशय का स्तर नियंत्रित रखने और किसी भी संभावित खतरे से बचाव के लिए अतिरिक्त पानी छोड़ने का फैसला लिया।

पिछले कई घंटों से रियासी और आसपास के इलाकों में लगातार तेज बारिश हो रही है। इसके चलते चिनाब नदी में पानी का बहाव काफी बढ़ गया है। सलाल बांध से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद नदी का जलस्तर और तेज हो गया जिससे नदी किनारे बसे इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

प्रशासन ने खास तौर पर चिनाब नदी के किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को नदी के पास नहीं जाने, मछली पकड़ने या किसी भी तरह की गतिविधि से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही स्थानीय प्रशासन लगातार नदी के जलस्तर और मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

मंगलवार सुबह से मूसलाधार बारिश जारी

जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में भी मंगलवार सुबह से मूसलाधार बारिश जारी है। लगातार बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन और राजौरी पुलिस ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण नदियों और नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है जिससे फ्लैश फ्लड, भूस्खलन और जलभराव जैसी स्थिति पैदा होने की आशंका है।

एडवाइजरी में लोगों से अपील की गई है कि जब तक बहुत जरूरी ना हो तब तक घरों से बाहर न निकलें। नदियों, नालों और बाढ़ प्रभावित इलाकों से दूर रहें तथा जलमग्न सड़कों या पुलों को पार करने की कोशिश बिल्कुल ना करें। यात्रियों और वाहन चालकों को भी मौसम सामान्य होने तक अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

राजौरी पुलिस ने अपने अलर्ट में कहा है कि लगातार बारिश के कारण जिले की नदियों में पानी का स्तर बहुत तेजी से बढ़ सकता है। ऐसे में किसी भी तरह की लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। पुलिस ने लोगों से प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने और मौसम संबंधी आधिकारिक अपडेट पर नजर बनाए रखने को कहा है।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी आपात स्थिति में लोग तुरंत स्थानीय प्रशासन, पुलिस या आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन सेवाओं से संपर्क करें। फिलहाल प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए है और जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव दलों को तत्काल तैनात करने की तैयारी भी कर ली गई है। लगातार बारिश को देखते हुए आने वाले घंटों को संवेदनशील माना जा रहा है।

जम्मू-कश्मीर में आफत की बारिश

 जम्मू-कश्मीर में मौसम लोगों की परेशानी का सबब बन गया है। सोमवार को राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश होती रही है, जिसके चलते श्रीनगर के घंटाघर जैसे इलाके पूरी तरह से जलमग्न हो गए। सोशल मीडिया पर बारिश और जलभराव के कई वीडियो वायरल हो गए हैं।

IMD का अनुमान है कि जम्मू-कश्मीर में अगले दो दिनों में और अधिक बारिश भी हो सकती है। इसके चलते राज्य सरकार ने अपने प्रमुख विभागों को अलर्ट पर रखा है। सरकार द्वारा जारी अलर्ट में विभिन्न जिलों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।