Saayoni Ghosh First Reaction: ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस यानी टीएमसी के 20 बागी सांसद सोमवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मिलेंगे। बागी गुट खुद को ‘असली TMC’ के तौर पर मान्यता देने की मांग करेगा। इस गुट में शामिल सांसद सायोनी घोष और माला रॉय रविवार को दिल्ली पहुंची। सायोनी घोष ने अपने बागी होने पर कहा कि सब कुछ बाद में पता चलेगा।
सायोनी घोष ने दिल्ली एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में कहा, “मुझे जो कहना है वो मैं बोल दूंगी। मुझे अभी कुछ नहीं कहना है, जब बोलने का वक्त आएगा तब सब कुछ बोल दूंगी। आप लोगों को बाद में सब पता चलेगा। मैं आपको जवाब नहीं दूंगी, मैं जवाब सिर्फ अपने क्षेत्र के लोगों को दूंगी। मेरी आवाज आगे भी पहुंचेगी।”
बागी गुट की रविवार शाम को होगी बैठक
बागी गुट रविवार शाम को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से सोमवार को होने वाली मुलाकात से पहले एक बेहद महत्वपूर्ण और गहन बैठक करने जा रहा है। इस बैठक में अध्यक्ष को सौंपने के लिए अंतिम रणनीति और मसौदा तैयार किया जाएगा। सोमवार को वे अध्यक्ष के पास जाकर संसद में एक पूर्णतः स्वतंत्र संसदीय गुट या समूह के रूप में मान्यता के लिए औपचारिक रूप से आवेदन करेंगे और अपने ‘वास्तविक जमीनी आधार’ का दावा करेंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले सोशल मीडिया पर तृणमूल के 19 सांसदों के हस्ताक्षरों वाली एक लिस्ट सामने आई थी। फिर शनिवार को, वरिष्ठ सांसद सुदीप बनर्जी ने दिल्ली में भाजपा नेताओं के साथ एक लंबी बैठक करने के बाद सीधे बागी खेमे में शामिल हो गए। इसके साथ ही सांसदों की संख्या 20 हो गई।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने टीएमसी पर बोला हमला
दिल्ली में वरिष्ठ सांसद सुदीप बंदोपाध्याय के बागी खेमे में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस पर अभूतपूर्व हमला बोला। भयानक विफलता के लिए तृणमूल कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा है कि तृणमूल के लिए अब कुछ नहीं बचा, सब कुछ खत्म हो गया है।
ममता बनर्जी की पार्टी पर हमला करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “तृणमूल में अब कोई नहीं बचा, सब कुछ खत्म हो गया है। पूरी पार्टी का सफाया हो गया है।” राज्य में हाल ही में हुए सत्ता परिवर्तन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “इतना अहंकार, इतना अत्याचार! उन्होंने पूरे राज्य को बर्बाद कर दिया था। लेकिन पश्चिम बंगाल की जनता ने उनके तुष्टीकरण करने वाले और भ्रष्ट लोगों को सत्ता से बाहर कर दिया है।”
यह भी पढे़ं: टीएमसी में बगावत के बीच ममता ने की ‘सर्जरी’, सायोनी घोष और माला रॉय की अहम पदों से छुट्टी
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और टीएमसी की प्रमुख ममता बनर्जी ने पार्टी में चल रहे असंतोष के बीच बड़े पैमाने पर संगठन में फेरबदल किया है। ममता बनर्जी ने शनिवार को सांसद सायोनी घोष को पार्टी की यूथ विंग के अध्यक्ष पद से हटा दिया। घोष की जगह युवा नेता अर्णब बनर्जी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
