राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह (महासचिव) दत्तात्रेय होसबाले ने चुनाव आयोग द्वारा वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को सही ठहराया है। होसबाले ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया का मकसद वोटर लिस्ट की खामियों को दूर करना है। उन्होंने एसआईआर के राजनीतिक विरोध पर हैरानी जताई और कहा कि राजनीतिक दलों को किसी मुद्दे पर केवल विरोध के लिए विरोध करने के बजाय उसकी सच्चाई पर ध्यान देना चाहिए।

होसबाले ने यह बात ऐसे वक्त में कही है, जब चुनावी गड़बड़ियों और लोकतांत्रिक संस्थाओं के कामकाज को लेकर बीजेपी तथा विपक्षी दलों के बीच राजनीतिक टकराव जारी है।

होसबाले बुधवार को इंदौर में अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की वार्षिक बैठक खत्म होने के बाद संवाददाताओं को संबोधित कर रहे थे।

होसबाले ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक दल अपने-अपने एजेंडा के मुताबिक काम कर सकते हैं लेकिन उन्हें किसी मुद्दे पर केवल विरोध के नाम पर विरोध करने के बजाय यह देखना चाहिए कि उस मुद्दे में कुछ सच्चाई है भी या नहीं। उन्होंने कहा कि एसआईआर का मकसद वोटर लिस्ट का शुद्धिकरण या गड़बड़ियों को दूर करना होता है।

होसबाले ने कहा कि देश में जिन लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं, उनमें से कई लोगों की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि कई मतदाताओं के नाम दो जगहों पर दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग भारत के नागरिक नहीं हैं, उनके नाम मतदाता सूचियों में दर्ज होना आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा की दृष्टि से गलत है।

राजनीति क्यों होनी चाहिए?

संघ के वरिष्ठ नेता ने कहा कि एसआईआर के तहत वोटर लिस्ट की गड़बड़ियों को दूर करने की प्रक्रिया देश में नियमित तौर पर होती आई है और यह बात उनकी समझ से परे है कि इस पर राजनीति क्यों होनी चाहिए। उन्होंने खुद का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर इन दिनों वह बेंगलुरु में रहते हैं, तो उनका नाम उनके पैतृक गांव की मतदाता सूची से काट दिया जाना चाहिए।

होसबाले ने कहा, ”जब टीएन शेषन मुख्य चुनाव आयुक्त थे, तब उन्होंने बिहार की मतदाता सूची का परिष्कार किया था। इसमें क्या गलत था? उस समय (देश में) सरकार किसकी थी?” संघ महासचिव ने एक सवाल पर यह भी कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में सत्ता परिवर्तन चुनावों के जरिये होता है, लेकिन सत्ता परिवर्तन के मकसद की आड़ में अशांति व हिंसा फैलाना या भेदभाव उत्पन्न करना समाज के हित में नहीं है।

युवाओं को भड़काने की कोशिश

संघ के सरकार्यवाह ने पिछले दिनों दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए Gen-Z आंदोलन से जुड़े सवाल पर कहा कि देश के अंदर और बाहर की कुछ अराजक ताकतें युवाओं को साजिश के तहत भड़काने की कोशिश कर रही हैं। देश में जातिगत आरक्षण की व्यवस्था को ऐतिहासिक और सामाजिक दृष्टि से जरूरी करार देते हुए संघ महासचिव ने कहा कि भेदभाव, पिछड़ापन, असमानताएं और विषमताएं दूर होने तक यह व्यवस्था जारी रहनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि आरक्षण के मुद्दे पर वोट बैंक की राजनीति नहीं होनी चाहिए।

संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने पर भी अब तक इसका पंजीकरण नहीं कराए जाने पर होसबाले ने कहा कि यह संगठन देश के संविधान व नियम-कायदों के मुताबिक काम कर रहा है और सामाजिक हितों के लिए लोग एकजुट होकर बिना रजिस्ट्रेशन के भी संस्थाएं और संगठन को संचालित किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- चुनाव आयोग का यू-टर्न

निर्वाचन आयोग ने SIR से जुड़ी घोषणा को ऑनलाइन फॉर्म 6 से अलग कर दिया है। अब जिन राज्यों में SIR की प्रक्रिया जारी है, वहां भी नए मतदाताओं को ECINet पोर्टल पर फॉर्म 6 और SIR घोषणा अलग-अलग भरनी होगी। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।