श्रीराम मंंदिर में कथित दान चोरी मामले पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने शुक्रवार को कहा कि SIT की जांंच में जो भी दोषी हो, उसे कठोर दंड मिलना चाहिए। RSS के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने एक वीडियो के जरिए कहा कि दान पात्रों से चोरी से राम भक्तों की श्रद्धा को आघात पहुंचा है।
दत्तात्रेय होसाबले ने कहा, “श्रीराम जन्मभूमि पर निर्मित भव्य मंदिर, पीढ़ियों के संघर्ष और करोड़ों राम भक्तों के समर्पण, त्याग एवं बलिदान के कारण संपूर्ण हिंदू समाज के लिए श्रद्धा, आस्था और भक्ति का केंद्र बना है। अयोध्या में श्री रामलला मंदिर में रखे हुए दान पात्रों में जमा राशि की चोरी की दुर्भाग्यपूर्ण घटना से समूचे समाज और राम भक्तों को, भावना एवं श्रद्धा को आघात पहुंचा है तथा इस घटना से हम सभी आहत हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के आग्रह पर उत्तर प्रदेश सरकार ने SIT का गठन कर जांंच शुरू की है। इस जांच में जो भी दोषी पाए जाए, उसे कठोर दंड सुनिश्चित करना आवश्यक है।
‘वर्तमान भ्रम और असमंजस की स्थिति समाप्त होनी ही चाहिए’
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सहित संपूर्ण हिंदू समाज की अपेक्षा है कि इस घोर निंदनीय घटना को असाधारण मानकर गंभीरता से व्यवस्था एवं संचालन की सभी कमियों को दूर करने के लिए कदम उठाए ताकि श्रीराम मंदिर पर करोड़ों राम भक्तों की आस्था व श्रद्धा अखंड एवं अटूट बनी रहे। उन्होंने कहा कि वर्तमान भ्रम और असमंजस की स्थिति समाप्त होनी ही चाहिए।
SIT मंदिर ट्रस्ट के पिछले पांच साल के खातों का दोबारा ऑडिट करेगी
श्रीराम मंदिर दान मामले की जांच कर रही SIT श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पिछले पांच वर्षों के खातों का फिर से ऑडिट करेगr क्योंकि प्रारंभिक जांच में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं का संकेत मिला है।
सूत्रों ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया कि दोबारा ऑडिट में निर्माण-संबंधी व्यय के साथ-साथ दान के रूप में प्राप्त आभूषण और सोने तथा चांदी की अन्य वस्तुओं को भी शामिल किया जाएगा। सूत्रों ने कहा कि प्रारंभिक जांच के दौरान सामने आए कथित गबन के सबूतों के बाद एसआईटी पूरे पांच साल के ट्रस्ट के वित्तीय रिकॉर्ड की विस्तृत जांच करेगी।
किस आरोपी से कितना धन बरामद किया गया?
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में अविनाश शुक्ला से 20.39 लाख रुपये, करुणेश पांडे से 18.07 लाख रुपये, अनुकल्प मिश्रा से 16.82 लाख रुपये, लवकुश मिश्रा से 14.25 लाख रुपये, रमाशंकर मिश्रा से 7.32 लाख रुपये और रमाशंकर यादव उर्फ टीनू से एक लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने जांच के दौरान करीब 11 ग्राम सोना, करीब 375 ग्राम चांदी और 1,121 अमेरिकी डॉलर भी बरामद किए हैं। सूत्रों ने PTI को बताया कि जांचकर्ताओं ने अयोध्या के एक योग केंद्र से पेटीएम क्यूआर कोड वाला “रामराज्य कोष” लेबल वाला एक दान बॉक्स भी जब्त किया, जहां अविनाश शुक्ला कथित तौर पर लगभग एक दशक से रह रहा था।
यह भी पढ़ें: ‘हो सकता है जेल जाएं चंपत राय, गोपाल राव, अनिल मिश्रा’- विनय कटियार
राम मंदिर में कथित दान चोरी मामले पर विनय कटियार ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि पीएम मोदी से वह इस मामले में सीधे संपर्क में हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
