बिहार सरकार द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा में कटौती किए जाने के फैसले पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता रोहिणी आचार्य ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह फैसला लालू परिवार को नुकसान पहुंचाने की मंशा से लिया गया है और इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
रोहिणी आचार्य ने शनिवार को माइक्रो ब्लॉगिंग साइट एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि सुरक्षा कवर में कटौती के बाद केवल दिखावे के लिए सुरक्षा कर्मियों को तैनात रखने का कोई औचित्य नहीं था। इसी वजह से राबड़ी देवी ने अपने आधिकारिक आवास से शेष सुरक्षाकर्मियों को वापस भेजने का फैसला लिया।
सीएम सम्राट चौधरी पर लगाए आरोप
उन्होंने लिखा, “सात खून के आरोपी रहे मुख्यमंत्री की सरकार द्वारा लालू जी और राबड़ी देवी जी की सुरक्षा में कटौती का फैसला उन्हें और उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने तथा शारीरिक क्षति पहुंचाने की नीयत से लिया गया कदम है।”
राजद नेता ने आगे कहा कि बिहार की करोड़ों जनता ही लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और उनके परिवार का असली सुरक्षा कवच है। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर लालू परिवार के किसी भी सदस्य को कोई नुकसान पहुंचता है, तो उसके परिणामों का अंदाजा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उनकी सरकार को नहीं है।
रोहिणी आचार्य ने पोस्ट में लिखा, “सम्राट सरकार को यह जान लेना चाहिए कि बिहार की करोड़ों जनता ही लालू जी, राबड़ी देवी जी और उनके परिवार की सुरक्षा है। अगर परिवार के किसी भी सदस्य को एक खरोंच भी आई तो उसका अंजाम क्या होगा, इसका अंदाजा शायद बिगड़ैल सम्राट चौधरी और उनकी सरकार को नहीं है।”
गौरतलब है कि बिहार सरकार ने हाल ही में लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की Z+ सुरक्षा वापस ले ली थी। इसके बाद दोनों नेताओं ने अपने पटना स्थित आवास पर तैनात शेष सुरक्षाकर्मियों को भी हटा दिया, जिसके बाद यह मुद्दा राज्य की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है।
मालूम हो कि राजद नेता और पूर्व विधायक तेजप्रताप यादव की भी ‘वाई’ श्रेणी की सुरक्षा हटा दी गई है। जबकि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, राज्यसभा सांसद मीसा भारती और राजश्री यादव की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
बिहार के गृह विभाग ने गुरुवार को यह आदेश जारी किया। सरकार के अनुसार, यह फैसला 4 जून को आयोजित राज्य सुरक्षा समिति की बैठक में की गई सिफारिशों के आधार पर लिया गया है। आदेश में बिहार पुलिस मुख्यालय समेत संबंधित अधिकारियों को नई सुरक्षा व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें – लालू-राबड़ी ने लौटाई सुरक्षा, आवास के बाहर से सुरक्षाकर्मी नदारद, कल ही वापस ली गई थी Z+ सिक्योरिटी
बिहार में पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के आवास के बाहर शनिवार की सुबह एक भी सुरक्षाकर्मी नहीं दिखे। उन्होंने पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित अपने सरकारी आवास के बाहर तैनात सभी सुरक्षाकर्मियों को वापस भेज दिया है। दरअसल, बिहार सरकार ने लालू यादव और राबड़ी देवी को मिली Z+ सुरक्षा वापस ले ली है। पूरी खबर पढ़ें…
