बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के पुत्र और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव सोशल मीडिया में कुछ तस्वीरें वायरल होने के चलते सुर्खियों में हैं। दरअसल जो तस्वीरें वायरल हुई हैं उनमें आरजेडी नेता अपना जन्मदिन आसमान की ऊंचाई पर एक चार्टर्ड प्लेन में मनाते हुए नजर आ रहे हैं। अंग्रेजी न्यूज वेबसाइट रिपब्लिक वर्ल्ड ने बताया कि रांची के एक रिसोर्ट डायरेक्टर सिद्धांत सुमन की एक फेसबुक पोस्ट के जरिए इसकी पुष्टि हुई है। तेजस्वी शनिवार यानी 9 नवंबर को 30 साल के हो गए।
जो तस्वीरें वायरल हुई हैं उनमें तेजस्वी केक काट रहे हैं और एक हिस्सा सिद्धांत सुमन को खिला रहे हैं। वायरल हुई तस्वीरों से पता चलता है कि प्लेन में तेजस्वी और सुमन के अलावा आरजेडी विधायक भोला यादव और करीबी भरोसेमंद संजय यादव और मणि यादव भी हैं। हालांकि तस्वीरें कितनी पुरानी हैं इसकी पुष्ट नहीं हो सकी है। हालांकि इनके वायरल होने के बाद आरजेडी नेता विपक्ष के निशाने पर आ गए हैं। जेडीयू ने तस्वीरें वायरल होने के बाद कहा कि खुद को समाजवादी बताने वाले लालू अभी जेल में बंद हैं, मगर उनका बेटा हाईप्रोफाइल तरीके से चार्टर्ड प्लेन में अपना बर्थडे मना रहा है।
जेडीयू प्रवक्ता संजय सिंह ने तंज भरा ट्वीट करते हुए कहा, ‘इन तस्वीरों के जरिए तेजस्वी यादव ने बताया कि सामाजिक न्याय के युवराज कितने गरीब हैं। लालू यादव के जेल जाने पर तेजस्वी यादव को कितनी तकलीफ हुई, यह साफ देखा जा सकता है।’ उन्होंने आगे कहा कि लालू चारा घोटाले में सजायाफ्ता होकर बीमार पड़े हैं और तेजस्वी बेबसी में जैसे-तैसे चार्टर्ड प्लेन में अपना जन्मदिन मना रहे हैं।
एक ट्वीट में उन्होंने लिखा, ‘तेजस्वी यादव जी आपके राजनीतिक जीवन पर यह सबसे बड़ा राजनीतिक धब्बा है। पिताजी जेल में बंद हैं और आप चार्टर प्लेन में बैठ कर बेशर्मी से जन्मदिन मना रहे हैं शर्म आनी चाहिए आपको।’
यहां देखें ट्वीट
तेजस्वी यादव जी आपके राजनीतिक जीवन पर यह सबसे बड़ा राजनीतिक धब्बा है। पिताजी जेल में बंद हैं और आप चार्टर प्लेन में बैठ कर बेशर्मी से जन्मदिन मना रहे हैं शर्म आनी चाहिए आपको @yadavtejashwi
— SanjaySinghJDU (@sanjaysinghjdu) November 11, 2019
उल्लेखनीय है कि तेजस्वी ने अपना 30वां जन्मदिन रांची से पटना जाते हुए मनाया। झारखंड विधानसभा चुनाव के चलते सीट बंटवारे के लिए तेजस्वी रांची में पिता लालू यादव से मिलने पहुंचे थे। लालू को भ्रष्टाचार के आरोप में रांची जेल में रखा गया है।
