Mumbai New Mayor Ritu Tawde : भारतीय जनता पार्टी की रितु तावड़े को महायुति गठबंधन की ओर से मुंबई के महापौर पद के लिए उम्मीदवार घोषित किया गया है, जबकि शिवसेना नेता संजय शंकर घाडी को गठबंधन की ओर से उप महापौर पद के लिए चुना गया है। मेयर उम्मीदवार घोषित होने के बाद रितु तावड़े की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है।
रितु तावड़े ने कहा, “मुझे बहुत अच्छा लग रहा है।” वहीं, शिवसेना के संजय शंकर घाड़ी ने भी नेतृत्व का आभार जताया है। उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, “महायुति गठबंधन के नेताओं ने मुझ पर भरोसा जताते हुए मुझे उप महापौर पद के लिए नामित किया है, इसके लिए मैं उनका आभारी हूं। मैं उन्हें विश्वास दिलाता हूं कि मैं अपनी जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी से निभाऊंगा।”
कौन हैं रितु तावड़े?
रितु तावड़े मुंबई की नगर निगम राजनीति में एक मजबूत इतिहास रखने वाली वरिष्ठ भारतीय जनता पार्षद हैं। उन्होंने पहली बार 2012 में वार्ड 127 से जीत हासिल की और 2017 में घाटकोपर के वार्ड 121 से निर्वाचित हुईं। 2025 के चुनावों में उन्होंने वार्ड 132 से जीत दर्ज की थी। रितु तावड़े ने 12वीं तक की पढ़ाई की है। इंटर तक की पढ़ाई उन्होंने एनजी आचार्य कॉलेज, चेंबूर, मुंबई से की है। साल 1995 से 1996 के बीच वह इसी कॉलेज की छात्रा रहीं हैं। उनकी कुल संपत्ति 1 करोड़ से ज्यादा है। उनके पति का नाम राजेश तावड़े है।
तावड़े मुंबई नगर निगम की शिक्षा समिति की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं और महापौर पद के लिए एक मजबूत दावेदार मानी जाती थीं। मराठा समुदाय से होने के बावजूद, तावडे ने एक ऐसे वार्ड से जीत हासिल की, जहां ज्यादातर गुजराती मतदाता थे। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह उनकी सुलभता और मजबूत स्थानीय जुड़ाव का प्रमाण है। बीजेपी नेताओ के अनुसार, तावडे जमीनी स्तर पर सक्रिय हैं और जनता की चिंताओं को दूर करने में सहज हैं।
बीएमसी चुनाव
बीएमसी चुनाव 2026 के नतीजों में भाजपा ने 89 सीटें जीतीं, जबकि शिवसेना ने कुल 227 सीटों में से 29 सीटें हासिल कीं। इस गठबंधन ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया। वहीं, शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) ने 65 सीटें जीतीं। इसके अलावा, एमएनएस ने 6 सीटें और एनसीपी (शरद पवार गुट) ने 1 सीट हासिल की। बीएमसी मेयर चुनाव के लिए BJP की उम्मीदवार होंगी रितु तावड़े, डिप्टी मेयर के प्रत्याशी बने शिवसेना के संजय घाड़ी पढ़ें पूरी खबर…
