पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की पुलिस अधिकारियों को दी गई चेतावनी के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। अभिषेक बनर्जी के बयान पर विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने पलटवार करते हुए उन पर निशाना साधा। उन्होंने अभिषेक को ‘क्लास 12 पास चार्टर्ड माफिया’ बताते हुए कहा कि उनकी अकड़ और अहंकार बहुत ज्यादा है। ऋतब्रत ने राज्य सरकार से अभिषेक के बयान पर स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज करने की मांग भी की।

दरअसल, अभिषेक बनर्जी ने गुरुवार को पुलिस अधिकारियों को चेतावनी दी थी कि जो अधिकारी मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को खुश करने के लिए TMC कार्यकर्ताओं को निशाना बना रहे हैं, उन्हें इसके नतीजे भुगतने होंगे। उन्होंने कहा था कि वह ऐसे पुलिस अधिकारियों के नामों की लिस्ट तैयार कर रहे हैं। दो साल बाद जब उनकी पार्टी सत्ता में लौटेगी, तब किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

अभिषेक ने आरोप लगाया था कि कई पुलिस अधिकारी मुख्यमंत्री के इशारे पर TMC कार्यकर्ताओं के खिलाफ झूठे मामले दर्ज कर रहे हैं। उन्होंने कहा था कि कुछ अधिकारी अच्छी पोस्टिंग पाने के लिए ऐसा कर रहे हैं और सत्ता परिवर्तन के बाद उनके कामकाज की जवाबदेही तय की जाएगी।

ऋतब्रत बनर्जी ने कहा कि अभिषेक बनर्जी को लगता है कि बंगाल अभी भी उनकी पार्टी का गढ़ है, जबकि जनता ने अपना जनादेश देकर सरकार बदल दी है। इसके बावजूद उनके व्यवहार में अहंकार कम नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, “एक मशहूर कहावत है कि अज्ञानता से भी ज्यादा खतरनाक अहंकार होता है। जितनी शिक्षा कम होगी, अहंकार उतना ही ज्यादा होगा।”

‘अकेले घर से निकलकर काली मंदिर तक जाएं’

ऋतब्रत ने अभिषेक बनर्जी को चुनौती देते हुए कहा कि डायमंड हार्बर जाना तो दूर की बात है, उन्हें पहले अपने घर से अकेले निकलकर काली माता के मंदिर तक पैदल जाने की कोशिश करनी चाहिए। उन्होंने अभिषेक के सुरक्षा मांगने को लेकर भी तंज कसा।

उन्होंने कहा कि पहले अभिषेक बनर्जी ने दावा किया था कि उन्हें किसी सुरक्षा की जरूरत नहीं है, क्योंकि उनके पास जनता की सुरक्षा है। लेकिन अब वह खुद सुरक्षा के लिए आवेदन कर रहे हैं और कोर्ट से पूरी सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। ऋतब्रत ने राज्य सरकार से मांग की कि अभिषेक के पुलिस अधिकारियों को दी गई चेतावनी पर स्वत: संज्ञान लेकर मामला दर्ज किया जाए।

‘छह महीने से अपने संसदीय क्षेत्र नहीं जा पाए’

अभिषेक के उस बयान पर भी ऋतब्रत ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह डायमंड हार्बर समेत कहीं भी जा सकते हैं और किसी से नहीं डरते। इस पर ऋतब्रत ने कहा कि भारत का कोई भी नागरिक देश में कहीं भी आने-जाने के लिए स्वतंत्र है, लेकिन अभिषेक एक सांसद हैं और डायमंड हार्बर उनका संसदीय क्षेत्र है।

उन्होंने दावा किया कि अभिषेक 4 मई से अपने संसदीय क्षेत्र नहीं गए हैं। उन्होंने कहा, “एक सांसद अपने ही संसदीय क्षेत्र में छह महीने से नहीं जा पा रहा है।” ऋतब्रत ने यह भी सवाल उठाया कि अगर अभिषेक को अपने क्षेत्र में जाने में कोई परेशानी नहीं है, तो उन्हें वहां जाकर जनता से मिलना चाहिए।

TMC के नाम और चुनाव चिह्न को लेकर भी चल रही खींचतान

इस दौरान ऋतब्रत बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस के नाम और संगठन पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने दावा किया कि अरूप राय के नेतृत्व वाला उनका गुट ही असली ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस है।

चुनाव आयोग में जमा किए गए हलफनामों को लेकर उन्होंने कहा कि विधानसभा में विपक्ष के नेता और मुख्य सचेतक की नियुक्ति के दौरान स्पीकर को जितने विधायकों के हस्ताक्षर सौंपे गए थे, उससे ज्यादा हलफनामे उनके गुट ने चुनाव आयोग के पास जमा किए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के फैसले और दस्तावेज सार्वजनिक होने के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

दरअसल, पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस के भीतर दो गुटों के बीच पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न को लेकर विवाद चल रहा है। दोनों गुट खुद को असली पार्टी बता रहे हैं। चुनाव आयोग ने इस विवाद के बीच दोनों गुटों के दावों पर दस्तावेज मांगे हैं।

क्या है पूरा विवाद?

यह पूरा विवाद अभिषेक बनर्जी के उस बयान के बाद शुरू हुआ, जिसमें उन्होंने पुलिस अधिकारियों को चेतावनी दी थी। अभिषेक ने आरोप लगाया था कि पश्चिम बंगाल में पुलिस मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को खुश करने के लिए TMC नेताओं और कार्यकर्ताओं को निशाना बना रही है।

उन्होंने कहा था कि ऐसे अधिकारियों के नामों की सूची तैयार की जा रही है। अगर दो साल बाद सरकार बदलती है और TMC सत्ता में लौटती है, तो इन अधिकारियों को उनके कामों का जवाब देना होगा। अभिषेक ने यह भी आरोप लगाया था कि हजारों TMC कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है।

इस बयान के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी अभिषेक पर निशाना साधा था। उन्होंने अभिषेक के बयान पर तंज कसते हुए उनके सोडियम-पोटैशियम स्तर में असंतुलन होने की बात कही थी। साथ ही उन्होंने अभिषेक के पूर्व निजी सहायक सुमित रॉय की गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए दावा किया था कि पुलिस पूछताछ में कई जानकारियां सामने आई हैं।

यह भी पढ़ें: 2027 के पंजाब चुनाव का शंखनाद करेगी कांग्रेस, संगरूर में राहुल गांधी की इंसाफ रैली से साधेगी 40 विधानसभा सीटें

पंजाब में कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इस बीच संगरूर में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी की इंसाफ रैली की तैयारियां चल रही हैं। कांग्रेस पार्टी जिले और उसके आस-पास के करीब 40 विधानसभा सीटों पर फोकस कर रही है ताकि लोगों को इकट्ठा किया जा सके। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।