तेलंगाना के नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस को बड़ी जीत मिली है। चुनाव नतीजों में राज्य के प्रमुख विपक्षी दल भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और बीजेपी का प्रदर्शन खराब रहा है। शुक्रवार को 116 नगर पालिकाओं और सात नगर निगमों के लिए मतों की गिनती हुई।
देर शाम तक कांग्रेस 70 नगर पालिकाओं और चार नगर निगमों में आगे चल रही थी जबकि बीआरएस 15 नगर पालिकाओं और बीजेपी सिर्फ एक में आगे थी। 30 नगर पालिका ऐसी हैं जहां पर चुनाव नतीजे त्रिशंकु रहे हैं।
वार्डों में भी आगे रही कांग्रेस
तेलंगाना राज्य चुनाव आयोग की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, जिन 2,866 वार्डों के परिणाम घोषित किए गए हैं, उनमें से कांग्रेस उम्मीदवारों ने 1,499 सीटें जीतीं जबकि बीआरएस को 765 सीटें मिलीं। बीजेपी केवल 285 वार्डों में ही जीत हासिल कर सकी।
एआईएमआईएम ने 58 वार्डों में जीत हासिल की जबकि सीपीआई (एम) को 13 सीटें मिलीं।
इन चुनावों को राज्य की कांग्रेस सरकार के शहरी मतदाताओं के बीच लोकप्रियता की परीक्षा के लिए ‘मिनी जनमत संग्रह’ के रूप में देखा जा रहा था। दिसंबर, 2023 में तेलंगाना में कांग्रेस की सरकार बनी थी।
तारिक रहमान की कहानी: मुल्क से बाहर काटे 17 साल, अब बनेंगे बांग्लादेश के प्रधानमंत्री
सीएम रेड्डी ने झोंकी पूरी ताकत
नगर निकाय चुनाव में मुख्यमंत्री रेड्डी ने पूरी ताकत लगाई। चुनाव अभियान के दौरान मुख्यमंत्री रेड्डी और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों ने अपनी सरकार की योजनाओं को मुख्य मुद्दा बनाया। कांग्रेस के नेताओं ने चुनाव अभियान के दौरान बीआरएस के नेतृत्व पर भी हमला बोला। कांग्रेस के नेताओं के निशाने पर विशेष रूप से पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव उर्फ केसीआर का परिवार रहा।
क्या बोले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष?
तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश गौड़ ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि राज्य के शहरी इलाकों ने कांग्रेस को समर्थन दिया है और रेड्डी सरकार के विकास के एजेंडे पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस का कोई मुकाबला नहीं है और हमने उम्मीद से भी बेहतर प्रदर्शन किया है।
बीआरएस का दावा है कि उसने कांग्रेस को कड़ी टक्कर दी है और दर्जनों सीटें ऐसी हैं, जहां पर उसे बहुत कम अंतर से हार मिली है। बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव उर्फ केटीआर ने कहा कि उनकी पार्टी नगर निकाय के चुनाव में मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरी है जबकि बीजेपी काफी पीछे है।
बीजेपी का कहना है कि वह इन चुनाव नतीजों से खुश नहीं है। तेलंगाना बीजेपी के अध्यक्ष रामचंद्र राव ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया, ‘ऐसा लगता है कि कांग्रेस, बीआरएस, एआईएमआईएम और वामपंथी दलों ने मिलकर बीजेपी को हराने की साजिश रची।’
नतीजों से उत्साहित है कांग्रेस
नगर निकाय चुनाव के नतीजों से कांग्रेस उत्साहित है। तेलंगाना में इस साल के अंत तक ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी), मलकाजगिरि नगर निगम (एमएमसी) और साइबरबाद नगर निगम (सीएमसी) में चुनाव होने हैं। महेश गौड़ ने दावा किया, ‘कांग्रेस जीएचएमसी के चुनाव में भी शानदार जीत हासिल करेगी।’
यह भी पढ़ें- BJP ने की राहुल गांधी की सांसदी रद्द करने की मांग, पेश किया मूल प्रस्ताव
