केरलम विधानसभा में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग वाला प्रस्ताव पेश किया गया। इसमें चुनाव आयोग के कामकाज पर सवाल उठाए गए और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति करने वाली समिति में बदलाव की मांग भी की गई। मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने सोमवार को यह प्रस्ताव पेश किया जिसे संशोधनों के साथ पारित कर दिया गया। बीजेपी के तीन विधायकों ने इस प्रस्ताव का विरोध किया।
प्रस्ताव में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान कथित गड़बड़ियों पर चिंता जताई गई। इसमें कहा गया कि स्पष्ट मानदंड या पहले से सूचना दिए बिना पात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाने की खबरें सामने आई हैं।
प्रस्ताव में क्या-कुछ कहा गया?
प्रस्ताव में यह भी कहा गया कि पुनरीक्षण प्रक्रिया में तकनीकी गड़बड़ियों और अनियमितताओं के कारण वंचित समुदायों, अल्पसंख्यकों, प्रवासी मजदूरों और युवा मतदाताओं को अपने मतदान के अधिकार से वंचित होने का खतरा है।
प्रस्ताव में मीडिया रिपोर्टों का भी हवाला दिया गया। इन रिपोर्टों में आरोप लगाया गया था कि चुनाव आयोग ने सॉफ्टवेयर के जरिए मतदाता सूची तैयार करने में निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ERO) के अधिकार सीमित कर दिए हैं। इसके साथ ही फॉर्म 6 में ऐसे बदलाव किए गए जो मौजूदा नियमों के खिलाफ हैं।
प्रस्ताव में उन खबरों का भी जिक्र किया गया जिनमें कहा गया था कि चुनाव आयोग के ज्यादातर सदस्यों ने इन कदमों पर असहमति जताई थी।
प्रस्ताव में चुनाव आयोग से इन कथित गड़बड़ियों को दूर करने और मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के कारण मतदान के अधिकार से वंचित हुए सभी पात्र नागरिकों के अधिकार बहाल करने की मांग की गई। इसमें कहा गया कि संवैधानिक संस्था होने के नाते चुनाव आयोग को निष्पक्ष और सरकार के प्रभाव से स्वतंत्र होकर काम करना चाहिए। प्रस्ताव के मुताबिक, मतदाता सूची में कथित हेरफेर से चुनाव प्रक्रिया पर लोगों का भरोसा कमजोर होता है।
प्रस्ताव में मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति करने वाली समिति के पुनर्गठन की मांग भी की गई। इसमें सुझाव दिया गया कि समिति में प्रधानमंत्री, लोकसभा में विपक्ष के नेता और भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) को शामिल किया जाए।
CEC की मौजूदा नियुक्ति प्रक्रिया का जिक्र
मौजूदा नियुक्ति प्रक्रिया का जिक्र करते हुए प्रस्ताव में कहा गया कि नियुक्ति करने वाली समिति से भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) को बाहर रखने और समिति की संरचना में बदलाव करने से नियुक्ति प्रक्रिया की निष्पक्षता प्रभावित हुई है।
प्रस्ताव में संशोधन पेश करते हुए बीजेपी विधायक वी. मुरलीधरन ने कहा, ”मैं प्रस्ताव के तीसरे पैराग्राफ में उस वाक्य के बाद कुछ शब्द जोड़ने का सुझाव देता हूं जिसमें कहा गया है कि फॉर्म 6 में 1960 के मतदाता पंजीकरण नियमों का उल्लंघन करते हुए बदलाव किया गया। ये शब्द होंगे- इस मीडिया रिपोर्ट को चुनाव आयोग ने खुद गलत बताया है।”
उन्होंने आगे कहा, ”मैं चौथे पैराग्राफ की शुरुआत में ‘प्रशासनिक प्रभाव के बाद’ वाले वाक्यांश के बाद ये शब्द जोड़ने का भी सुझाव देता हूं- हम संवैधानिक संस्था चुनाव आयोग की छवि खराब करने की निहित स्वार्थों से की जा रही कोशिशों की कड़ी निंदा करते हैं।”
प्रस्ताव में चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठे गंभीर सवालों का हवाला देते हुए आयोग और केंद्र सरकार से मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने के लिए कदम उठाने की मांग की गई।
इसमें कहा गया कि लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करने के साथ ही संविधान के अनुच्छेद 326 के तहत नागरिकों को मिले मतदान के अधिकार को बनाए रखने के लिए ये कदम जरूरी हैं।
यह भी पढ़ें: चुनाव आयोग का गठन कैसे हुआ, एक से तीन सदस्यीय बनने की क्या है कहानी? EXPLAINED
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर राजधानी दिल्ली में कई दिनों से प्रदर्शन जारी हैं। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने हजारों लोगों को हिरासत में लिया। चुनाव आयोग की जिम्मेदारी स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराना है। ऐसे में उसके कामकाज की अक्सर समीक्षा होती रही है। चुनाव आयोग की स्थापना कैसे हुई? पहले यह एक सदस्यीय संस्था थी, फिर तीन सदस्यीय बनी, दोबारा एक सदस्यीय हुई और फिर तीन सदस्यीय कैसे बनी? चुनाव आयोग को पैसा कहां से मिलता है? आइए समझते हैं। पढ़ेंं पूरी खबर…
