चुनाव आयोग ने मंगलवार को कहा कि SIR के दौरान जिन लोगों के नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से कट गए हैं, वे अपना नाम दोबारा जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं। इसके लिए वे चुनाव आयोग के नियमों के तहत आवेदन कर सकते हैं।
सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों (CEO) को भेजे पत्र में आयोग ने बताया कि कुछ लोग फॉर्म-6 भरने से डर रहे हैं क्योंकि उनका नाम पहले से वोटर लिस्ट में था और अब उन्हें दोबारा आवेदन करना पड़ रहा है।
फॉर्म 6 की घोषणा बनी वजह
इसकी वजह यह है कि फॉर्म-6 में एक घोषणा भी करनी होती है कि मतदाता का नाम पहली बार वोटर लिस्ट में शामिल किया जा रहा है। ऐसे मतदाताओं को लगता है कि पहले से वोटर लिस्ट में नाम होने के बावजूद यह घोषणा करना गलत होगा और इसके लिए उन पर जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 31 के तहत कार्रवाई हो सकती है।
यह भी पढ़ें: चुनाव आयोग का यू-टर्न: फॉर्म 6 से हटाया SIR का वह पैरा जिसे आयुक्त ने बताया था ‘अवैध’
चुनाव आयोग ने कहा कि यह घोषणा 1 अगस्त 2022 से लागू है। इसी तारीख से जनप्रतिनिधित्व अधिनियम में 2021 का संशोधन प्रभावी हुआ था। हालांकि 2021 के संशोधन से पहले भी फॉर्म-6 में यह घोषणा शामिल थी कि आवेदक पहली बार मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर रहा है और उसका नाम किसी अन्य निर्वाचन क्षेत्र की वोटर लिस्ट में पहले से दर्ज नहीं है।
चुनाव आयोग की वेबसाइट पर 2018 में उपलब्ध फॉर्म में भी यही घोषणा थी। यहां तक कि 18 अगस्त 2003 को जारी अधिसूचना में शामिल फॉर्म में भी इसी तरह की शर्त थी।
चुनाव आयोग का फैसला
राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को भेजे गए पत्र में आयोग ने स्पष्ट किया, “जिस मतदाता का नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नहीं है, वह अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 जमा कर सकता है। तय प्रक्रिया के अनुसार, ऐसे मतदाता को SIR के दौरान या उसके बाद मतदाता सूची में नए सिरे से नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करना होगा। यह नियम उन लोगों पर भी लागू होगा जिनका नाम पहले वोटर लिस्ट में दर्ज था। इसलिए, ऐसी स्थिति में फॉर्म-6 भरना अपने आप में गलत घोषणा नहीं माना जाएगा।”
चुनाव आयोग ने 14 अक्टूबर को दिल्ली हाईकोर्ट के एक फैसले का भी हवाला दिया। आयोग के मुताबिक, अदालत ने कहा था कि याचिकाकर्ता को फॉर्म-6 में गलत घोषणा करने के कारण कानूनी कार्रवाई होने की जो आशंका थी, वह सही नहीं थी।
आयोग ने आगे कहा कि जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 31 के तहत किसी मतदाता के खिलाफ सिर्फ इस आधार पर कार्रवाई नहीं की जाएगी कि उसका नाम पहले की मतदाता सूची में था और उसने SIR के दौरान या उसके बाद फॉर्म-6 भरकर दोबारा नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया है।
हालांकि इसके लिए जरूरी है कि मतदाता का नाम किसी दूसरी लोकसभा या विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में पहले से दर्ज न हो और फॉर्म में की गई घोषणा कानून के मुताबिक सही हो।
यह भी पढ़ें: वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के बाद एक्शन में चुनाव आयोग, यूपी में कंप्यूटर असिस्टेंट्स का ECINET एक्सेस खत्म
उत्तर प्रदेश के चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर के ऑफिस ने सभी जिला चुनाव अधिकारी को राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों में तैनात 806 कंप्यूटर असिस्टेंट की ECINET लॉगिन ID तुरंत डीएक्टिवेट करने का निर्देश दिया है।
इस कदम का मकसद वोटर रोल के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के बाद पीलीभीत और आजमगढ़ जैसे जिलों में पोर्टल पर लॉगिन क्रेडेंशियल के गलत इस्तेमाल की शिकायतों के बाद वोटर रोल मैनेजमेंट में सिक्योरिटी और अकाउंटेबिलिटी को टाइट करना है। पढ़ें पूरी खबर…
