प्रधानमंत्री मोदी ने आज मन की बात की और इस दौरान उन्होंने उन मूर्तियों के बारे में भी बात की जिसे चोरी कर विदेश ले जाया गया था और बाद में सरकार के प्रयासों द्वारा उसे फिर से वापस भारत लाया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात में तंजानिया के उस भाई-बहन का भी जिक्र किया जो भारतीय भाषाओं के गानों पर वीडियो बनाते हैं।
तंजानिया के भाई-बहन का किया जिक्र: पीएम मोदी ने कहा कि, “भारतीय संस्कृति और अपनी धरोहर की बात करते हुए मैं आज आपको मन की बात में दो लोगों से मिलवाना चाहता हूं। इन दिनों फेसबुक ,टि्वटर, इंस्टाग्राम पर तंजानिया के दो भाई-बहन किलि पॉल और उनकी बहन नीमा बहुत चर्चा में है। मुझे पक्का भरोसा है कि आपने भी उनके बारे में जरूर सुना होगा। उनके अंदर भारतीय संगीत को लेकर एक जुनून है, एक दीवानगी है और इसी वजह से वह काफी लोकप्रिय भी हैं। Lip sync के उनके तरीके से पता चलता है कि इसके लिए वे कितनी ज्यादा मेहनत करते हैं।”
पीएम मोदी ने आगे भारतीय नौजवानों से अपील करते हुए कहा कि, “मैं देश के नौजवानों से आवाहन करना चाहता हूं कि आप भी तंजानिया के भाई-बहन की तरह भारतीय भाषाओं के गानों पर वीडियो बनाइए, इससे आप भी बहुत लोकप्रिय हो जाएंगे।” पीएम ने आगे कहा कि, “अगर तंजानिया के किलि और नीमा भारत के गीतों पर lip sync कर सकते हैं तो क्या गुजरात के बच्चे तमिल की गीतों पर ,केरल के बच्चे असम की गीतों पर करें। इससे ऐसा माहौल बना सकते हैं जिससे एक भारत-श्रेष्ठ भारत हम अनुभव कर सकेंगे।”
भारतीय दूतावास ने सम्मानित किया: पीएम मोदी ने कहा कि, “कुछ दिन पहले ही उन्होंने लता दीदी का एक गाना गाकर उनको भी भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी थी। मैं इस अद्भुत क्रिएटिविटी के लिए दोनों भाई-बहन की बहुत सराहना करता हूं। कुछ दिन पहले तंजानिया में भारतीय दूतावास में इन्हें सम्मानित भी किया गया है।”
सैनिक स्कूलों में बेटियां दाखिला ले रहीं: पीएम मोदी ने कहा कि, “सेना में भी बेटियां अब नई और बड़ी भूमिकाओं में जिम्मेदारी निभा रही हैं और देश की रक्षा कर रही हैं। पिछले महीने ही गणतंत्र दिवस पर हमने देखा कि आधुनिक फाइटर प्लेंस को भी भारत की बेटियां उड़ा रही हैं। देश ने सैनिक स्कूलों में भी बेटियों के एडमिशन से रोक हटाई और पूरे देश में बेटियां सैनिक स्कूलों में दाखिला ले रही हैं।”