चार राज्यों की 28 MLC सीटों के चुनाव परिणाम पूरी तरह से स्पष्ट हो गए हैं। इन चुनावों में बीजेपी ने सबसे ज्यादा सीटें जीती हैं, लेकिन नागपुर और वाराणसी जैसी महत्वपूर्ण सीटों पर उसे हार का सामना करना पड़ा है।

इन दोनों जगहों पर बीजेपी को मिली हार के बाद विपक्षी दल दावा कर रहे हैं कि अब भगवा खेमे की उलटी गिनती शुरू हो गई है। हालांकि सियासी जानकारों का कहना है कि इन दोनों ही जगहों पर बीजेपी की हार का बड़ा कारण उसकी रणनीति है।

नागपुर स्नातक सीट पर कांग्रेस के गोविंदराव वंजारी ने जीत हासिल की है जबकि वाराणसी स्नातक और शिक्षक सीट क्रमश: सपा के आशुतोष सिन्हा और लाल बिहारी यादव ने झटक ली।

नागपुर में बागी और अवैध मतपत्र बने हार की वजह

नागपुर में बीजेपी की हार का सबसे बड़ा कारण बागी प्रत्याशी बताया जा रहा है। बीजेपी द्वारा सुधाकर कोहले को प्रत्याशी बनाए जाते ही विरोध शुरू हो गया था। उनके खिलाफ पूर्व विधायक अनिल सोले ने चुनाव लड़ा।

इसके अलावा दावा यह भी किया जा रहा है कि नागुपर में मतगणना के दौरान जो 15000 मतपत्र अवैध पाए गए, उनमें से करीब चार हजार मतपत्रों में बीजेपी प्रत्याशी के नाम के आगे दो वरीयता अंक दर्ज हैं। बीजेपी खेमे में इस बात पर भी चर्चा है कि क्या यह गलती जानबूझकर किसी विेशेष गुट ने सुधाकर कोहले को चुनाव लड़वाने के लिए तो नहीं की।

गोरखपुर जीती बीजेपी लेकिन सपा प्रत्याशी ने सांसें अटकाईं

उत्तर प्रदेश की गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट बीजेपी ने करीबी मुकाबले में 307 वोटों से जीती। यहां बीजेपी के प्रत्याशी ध्रुव त्रिपाठी को 14,887 वोट मिले जबकि दूसरे नंबर पर रहे निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव को 14,580 वोट मिले। सपा के टिकट चुनाव लड़े बीजेपी के बागी संजयन त्रिपाठी को 9503 वोट मिले।

यहां सपा के प्रत्याशी भले ही तीसरे नंबर पर रहे लेकिन उनकी वजह से बीजेपी की जीत का अंतर बेहद कम हो गया। माना जा रहा है कि उन्होंने बीजेपी के वोटों में भी सेंध लगाई लेकिन सपा का वोट उनकी जगह निर्दलीय प्रत्याशी राजीव यादव को ट्रांसफर हो गया। संजयन त्रिपाठी को सपा ने पहले से घोषित अपने प्रत्याशी का टिकट काटकर चुनाव लड़वाया था।

आगरा शिक्षक सीट जीतने वाले ने बीजेपी से भी मांगा था टिकट

आगरा शिक्षक सीट पर सपा के आकाश अग्रवाल ने जीत दर्ज की है। वह पिछली बार यहां निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीते थे। इस बार आकाश सपा के टिकट पर चुनाव लड़े लेकिन वह पहले बीजेपी से टिकट चाहते थे। सूत्रों ने बताया कि आकाश बीजेपी में एंट्री से पहले टिकट का ऐलान चाहते थे इसलिए यह संभव न हो सकता। सपा ने उन्हें अपने पहले से घोषित प्रत्याशी चंद्र प्रकाश गुप्ता की जगह चुनाव लड़वाया।

वाराणसी में फ्लॉप रही रणनीति

पीएम नरेंद्र मोदी वाराणसी से सांसद हैं। वाराणीस की स्नातक और शिक्षक सीट – दोनों पर ही बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यहां बीजेपी ने अपने प्रत्याशी घोषित करने में काफी देर कर दी जबकि सपा के दोनों प्रत्याशी सालों पहले से चुनाव की तैयारी में जुटे हुए थे।

यहां बीजेपी शिक्षकों को वोटर बनवाने में भी सक्रिय नजर नहीं आई जबकि सपा के टिकट पर चुनाव जीते लाल बिहारी यादव ने एमएलसी रहते हुए शिक्षकों के बीच में न सिर्फ अपना जनाधार मजबूत किया बल्कि खुद वोटर बनवाने में एक्टिव रहे। यहां बीजेपी पिछला चुनाव भी हारी थी लेकिन उसने पिछले रिजल्ट से कोई सीख नहीं ली।

बांकीपुर हार से नहीं लिया सबक, पटना शिक्षक हारी

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रभाव वाली बांकीपुर विधानसभा सीट पर बीजेपी को उपचुनाव में गंवानी पड़ी थी। अब पटना शिक्षक सीट भी बीजेपी हार गई है। यहां बीजेपी के नवल किशोर यादव 1996 से जीतते आ रहे थे लेकिन इस बार वो हार गए।

माना जा रहा है कि पीके की पार्टी जनसुराज दिव्या ज्योति इसकी बड़ी वजह हैं। इस चुनाव में नवल किशोर यादव को 1057 वोटों से हार का सामना करना पड़ा जबकि दिव्या ज्योति को 1571 वोट मिले। जानकारों का कहना है कि बीजेपी ने यहां जनसुराज से होने वाले नुकसान को साधने के लिए के लिए कोई रणनीति नहीं बनाई।

यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश MLC चुनाव में कौन-कहां से जीता