पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में टीएमसी की करारी हार के बादपश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र की भाजपा पर सरकार पर जमकर हमला बोला। ममता ने कहा कि आने वाले वक्त में इस सरकार को केंद्र की सत्ता से बेदखल कर दिया जाएगा।

कालीघाट में पार्टी विधायकों के साथ बैठक के दौरान ममता बनर्जी ने कहा कि आने वाले वक्त में भाजपा को दिल्ली की सत्ता से हटा दिया जाएगा। ममता का यह बयान विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत के बाद आया। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 207 सीटें जीतकर राज्य में तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन का अंत कर दिया। टीएमसी को 80 सीटें मिलीं।

बैठक में मौजूद टीएमसी के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने कहा कि चुनावी हार के बावजूद पार्टी भाजपा के खिलाफ अपनी राजनीतिक लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि वे जो चाहें करें… मेरा घर गिरा दें, नोटिस भेजें… मैं इन बातों के आगे नहीं झुकूंगा। चाहे कुछ भी हो जाए, भाजपा के खिलाफ मेरी लड़ाई जारी रहेगी।

पार्टी विधायकों को संबोधित करते हुए अभिषेक बनर्जी ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पर भी निशाना साधा। टीएमसी सूत्रों के अनुसार, उन्होंने कहा कि हमारे राज्य में कई मुख्यमंत्री रहे हैं, लेकिन मौजूदा मुख्यमंत्री जैसा कोई नहीं। कैमरे पर पैसे लेते हुए देखे गए व्यक्ति को मुख्यमंत्री बना दिया गया है।

चुनाव में हार के बाद तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा की जीत के बाद पश्चिम बंगाल में कथित तौर पर हुई चुनावोत्तर हिंसा की घटनाओं को लेकर कलकत्ता हाई कोर्ट में याचिका दायर की। यह मामला उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सुजॉय पॉल के समक्ष पेश किया गया।

याचिका के अनुसार, चुनाव परिणामों के बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों से टीएमसी कार्यकर्ताओं और पार्टी कार्यालयों को निशाना बनाकर आगजनी, तोड़फोड़ और हमलों की घटनाएं सामने आईं। याचिका में प्रभावित पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए सुरक्षा और कथित हिंसा की उचित जांच की मांग की गई थी।

कोलकाता, हावड़ा और कई जिला कस्बों से झड़पों और तोड़फोड़ की खबरें सामने आईं, जिसमें भाजपा और टीएमसी दोनों ने घटनाओं को लेकर एक-दूसरे पर आरोप लगाए।

टीएमसी नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव परिणामों के बाद कई पार्टी कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई और उन्होंने हिंसा की अदालत की निगरानी में जांच की मांग की। 14 मई को ममता बनर्जी जनहित याचिका के संबंध में मुख्य न्यायाधीश सुजॉय पाल के समक्ष पेश होने के लिए वकील के वस्त्र पहनकर कलकत्ता उच्च न्यायालय पहुंचीं थीं।

अभिषेक बनर्जी की 17 संपत्तियों पर चलेगा बुलडोजर? ममता के भतीजे को कोलकाता नगर निगम ने भेजा नोटिस

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव नतीजों में सत्ता परिवर्तन होने और BJP नेता शुभेंदु अधिकारी के सीएम बनने के बाद राज्य में पूर्ववर्ती सरकारों के भ्रष्टाचार संबंधी मामलों की जांच शुरूआत हो गई है। इस मामले में पूर्व सीएम ममता बनर्जी के भतीजे और डायमंड हार्बर से लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी भी निशाने पर हैं। उनकी 17 संपत्तियों की जांच हो रही है, जिसको लेकर नगर निगम ने नोटिस जारी किया है और संकेत दिए हैं कि सांसद की अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर भी चलाया जा सकता है। पढ़ें पूरी खबर।