दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (IGIA) पर एक ही हवाईअड्डे के दो टर्मिनलों के बीच सफर करने वाले यात्रियों को जल्द ही सड़क पर लगने वाले जाम और वीआईपी आवाजाही की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। अभी टर्मिनल-1 से टर्मिनल-3 तक पहुंचने में 15 से 20 मिनट लगते हैं और व्यस्त समय में यह सफर और लंबा हो जाता है। अब इस दूरी को ट्रेन से तय करने की तैयारी है। योजना के मुताबिक, 2030 तक यात्रियों को टर्मिनल-1 से टर्मिनल-3 तक ड्राइवरलेस ट्रेन से पहुंचने की सुविधा मिल सकती है।

हवाईअड्डे का संचालन करने वाली कंपनी दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) 7.3 किलोमीटर लंबी ऑटोमेटेड पीपल मूवर (APM) यानी इंटर-टर्मिनल रैपिड रेल प्रणाली विकसित करने की योजना बना रही है। यह प्रणाली टर्मिनल-1 को टर्मिनल-3 से जोड़ेगी। इसके रास्ते में एयरोसिटी और हवाईअड्डे के कार्गो क्षेत्र में भी स्टेशन होंगे।

IGI में तीन यात्री टर्मिनल और चार रनवे हैं

प्रस्तावित प्रणाली पर करीब 3,500 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके तैयार होने के बाद देश के सबसे बड़े हवाईअड्डे IGI में यात्रियों को टर्मिनलों के बीच आने-जाने की सुविधा दुनिया के उन प्रमुख हवाईअड्डों जैसी मिल सकेगी, जहां यात्रियों के लिए बिना चालक वाली ट्रेनें चलती हैं। IGI में तीन यात्री टर्मिनल और चार रनवे हैं।

DIAL के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) प्रदीप पाणिकर ने मंगलवार को भरोसा जताया कि हवाईअड्डे के भीतर यात्रियों के आवागमन की यह प्रणाली 2030 तक तैयार हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके डिजाइन और दूसरी जरूरी प्रक्रियाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

APM प्रणाली की कुल लंबाई 7.3 किलोमीटर होगी और इसमें छह स्टेशन होंगे। इनमें टर्मिनल-1 का एक स्टेशन, एयरोसिटी के अलग-अलग स्थानों पर तीन स्टेशन, कार्गो क्षेत्र में एक स्टेशन और टर्मिनल-3 का एक स्टेशन शामिल है। टर्मिनल-3 वाला स्टेशन टर्मिनल-2 के यात्रियों को भी सुविधा देगा।

पाणिकर के मुताबिक, टर्मिनल-1 और टर्मिनल-3 के APM स्टेशन तथा एयरोसिटी के एक स्टेशन को दिल्ली मेट्रो की मौजूदा लाइनों के स्टेशनों के पास बनाया जाएगा। इससे हवाईअड्डे पर आने वाले यात्रियों और वहां काम करने वाले लोगों को APM और दिल्ली मेट्रो के बीच लगभग बिना किसी रुकावट के आने-जाने की सुविधा मिल सकेगी।

कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़ने के लिए एक टर्मिनल से दूसरे टर्मिनल जाने वाले यात्रियों के लिए APM की यात्रा मुफ्त रहने की संभावना है। हालांकि, जो लोग यात्री नहीं हैं, उन्हें इस प्रणाली के इस्तेमाल के लिए शुल्क देना होगा या नहीं, इस पर DIAL ने अभी फैसला नहीं किया है।

हर 10 मिनट में गाड़ी चलाने की योजना है

पाणिकर ने बताया कि APM का 5.3 किलोमीटर लंबा ट्रैक जमीन से ऊपर बनाया जाएगा, जबकि बाकी 2 किलोमीटर का हिस्सा जमीन के स्तर पर होगा। टर्मिनल-1 से टर्मिनल-3 तक पहुंचने में कुल 13 मिनट लगेंगे। DIAL की योजना है कि APM ट्रेनें हर 10 मिनट में चलें। शुरुआती दौर में रोजाना करीब 55,000 यात्रियों के इसके इस्तेमाल का अनुमान है, जो आगे चलकर बढ़कर 85,000 प्रतिदिन तक पहुंच सकता है।

कई वर्षों से योजना में शामिल यह APM सिस्टम IGIA के 2036 तक के प्रस्तावित मास्टर प्लान का हिस्सा है। उस समय तक हवाईअड्डे की सालाना यात्री संभालने की क्षमता 12.5 करोड़ होने की उम्मीद है। इसे आगे बढ़ाकर 12.9 करोड़ तक भी किया जा सकता है। फिलहाल IGIA की सालाना यात्री संभालने की क्षमता 10.6 करोड़ है।

DIAL ने बताया कि यह योजना हितधारकों के साथ विचार-विमर्श के लिए सरकार को सौंप दी गई है। हवाईअड्डे के लिए हुए ऑपरेशन, मैनेजमेंट एंड डेवलपमेंट एग्रीमेंट (OMDA) के मुताबिक, मास्टर प्लान को हर 10 साल में अपडेट किया जाना जरूरी है।

नए 10 साल के मास्टर प्लान के दूसरे पहलुओं के बारे में बात करते हुए पाणिकर ने बताया कि टर्मिनल-1 की क्षमता मौजूदा 4.2 करोड़ यात्रियों से बढ़ाकर सालाना 4.5 करोड़ की जाएगी। वहीं टर्मिनल-2 की क्षमता 1.4 करोड़ यात्रियों पर ही बनी रहेगी। दोनों टर्मिनल केवल घरेलू एयरलाइनों की उड़ानों को संभालते रहेंगे।

IGIA के सबसे बड़े टर्मिनल-3 की क्षमता में भी बड़ा इजाफा किया जाएगा। इसकी घरेलू यात्रियों को संभालने की क्षमता मौजूदा 1.9 करोड़ से बढ़ाकर 2.7 करोड़ सालाना की जाएगी। वहीं अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को संभालने की क्षमता मौजूदा 3.1 करोड़ से बढ़ाकर 3.9 करोड़ सालाना की जाएगी।

पाणिकर ने बताया कि टर्मिनल-3 की क्षमता बढ़ाने के लिए वहां एक नया पियर यानी विमान खड़े करने और यात्रियों की आवाजाही के लिए नया हिस्सा बनाने की योजना है। इसके बनने के बाद टर्मिनल-3 में पियर की कुल संख्या पांच हो जाएगी। DIAL के अनुमान के मुताबिक, नए पियर और मास्टर प्लान के तहत इससे जुड़े अन्य कामों पर करीब 2,500 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

मास्टर प्लान के तहत क्षमता बढ़ाने के दूसरे प्रस्तावित कामों में अतिरिक्त चेक-इन काउंटर, सुरक्षा जांच की मशीनें और विमानों के लिए अतिरिक्त पार्किंग स्टैंड शामिल हैं। तीनों टर्मिनलों को मिलाकर अभी 230 पार्किंग स्टैंड हैं। मास्टर प्लान के मुताबिक इनकी संख्या बढ़ाकर करीब 260 की जाएगी। DIAL की योजना IGIA में सड़क चौड़ीकरण के काम कराने और पार्किंग की जगह बढ़ाने की भी है।

यह भी पढ़ें: पति को मिली भारत में एंट्री, पत्नी को भेजा वापस, कोर्ट ने कहा- वीजा होने का मतलब प्रवेश का पूर्ण अधिकार नहीं

दिल्ली हाई कोर्ट ने कहा है कि किसी विदेशी नागरिक के पास वैध वीजा होने मात्र से उसे भारत में प्रवेश का पूर्ण और बिना शर्त अधिकार नहीं मिल जाता। कोर्ट ने कहा कि किसी विदेशी नागरिक को भारत में प्रवेश देने का फैसला राज्य के संप्रभु अधिकार के तहत आता है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक