पश्चिम बंगाल की एक नाबालिग लड़की ने पुलिस में रिपोर्ट लिखाई है कि उसके साथ दो साल में 100 से ज्यादा लोगों ने रेप किया। लड़की को ब्यूटी पार्लर में नौकरी का झांसा देकर पुणे लाया गया था। यहां पर उसे मारा-पीटा गया और इसके बाद उसे जिस्मफरोशी में धकेल दिया गया। दो साल में उसके साथ पुणे, हैदराबाद, अहमदाबाद और भोपाल जैसे शहरों में 100 से ज्यादा लोगों ने रेप किया।
सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर संजय कुरुंदकर ने बताया,’पिछले महीने वह फ्लैट में साथ रह रही लड़की के साथ ब्यूटी पॉर्लर जाने की बात कहकर घर से निकल गई। यहां से वह दिल्ली पहुंच गई।’ दिल्ली में उसने पुलिस में मामला दर्ज कराया। शनिवार को मामला पुणे ट्रांसफर कर दिया गया। 113 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच में जुटी विमानतल पुलिस ने रविवार को 26 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया। पकड़ी गई महिला का नाम स्वीकृति खरेल है। वह मूलत: नेपाल की रहने वाली है और वर्तमान में विमान नगर में रहती है।
चार अन्य आरोपी दिल्ली की एक मॉडल के साथ रेप और मारपीट के प्रयास के मामले में चंदन नगर पुलिस की कस्टडी में हैं। इनकी पहचान रोहित भंडारी, हरीश शाह, तपेंद्र साही और रमेश ठाकुला के रूप में हुई है। ये सभी नेपाल के रहने वाले हैं और कल्याणी नगर में रहते हैं। पुलिस के अनुसार पीडि़ता भारत-नेपाल सीमा पर बसे सिलिगुड़ी की रहने वाली है। वह अपने पिता के साथ रहती थी। भंडारी पिता-पुत्र का जानकार बनने के बाद पीडि़ता को नौकरी दिलाने का भरोसा देकर पुणे ले आया। वह उसे जनवरी 2014 में लाया था। कुछ दिन बाद ही उसे वेश्यावृत्ति में धकेल दिया गया। आरोपियों ने उससे रेप किया और उसे ड्रग्स भी दी। इसके बाद उसे अन्य लोगों के साथ भी संबंध बनाने के लिए मजबूर किया जाता। उसे अलग-अलग जगहों पर रखा जाता।