Ramadan News: इस्लाम धर्म के पवित्र महीने रमजान की शुरुआत भारत में शुक्रवार से होगी। दिल्ली के फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने बताया कि देश में कहीं भी चांद नजर नहीं आने की सूचना मिलने के बाद चांद कमेटी ने यह फैसला किया कि पहला रोजा शुक्रवार को होगा।
उन्होंने कहा, “देश में कहीं भी चांद नजर नहीं आया। ऐसे में कमेटी की तरफ से फैसला किया गया है कि शुक्रवार को पहला रोजा होगा।” रमाजन इस्लामी कैलेंडर का नौवां महीना होता है। इसमें एक महीने तक इस्लाम धर्म को मानने वाले लोग रोजा रखते हैं।
चांदनी चौक स्थित फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम मौलाना मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने बताया कि दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और तेलंगाना समेत देश के किसी भी हिस्से से रमज़ान का चांद दिखने की खबर नहीं मिली, लिहाज़ा ऐलान किया जाता है कि पहला रोज़ा 24 मार्च यानी शुक्रवार को होगा।
इस्लाम में एक महीना 29 या 30 दिन का होता है। महीने के दिनों की संख्या चांद दिखने पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार को इस्लामी कैलेंडर के आठवें महीने ‘शाबान’ की 30 तारीख है। जामा मस्जिद के नायब इमाम सैयद शाबान बुखारी ने एक बयान में कहा, ‘‘22 मार्च को माहे रमज़ान मुबारक का चांद मुल्क के किसी भी हिस्से में नज़र नहीं आया है, लिहाज़ा रमज़ान का महीना शुक्रवार से शुरू होगा।’’
मुस्लिम संगठन ‘इमारत-ए-शरिया हिंद’ ने एक बयान में कहा कि चांद न तो दिल्ली में दिखा और न ही देश के किसी हिस्से से उसके दिखने की खबर मिली। संगठन की रुयत-ए-हिलाल (चांद समिति) के सचिव नजीबुल्लाह कासमी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि रमज़ान के महीने का आगाज़ 24 मार्च से होगा। इमारत-ए-शरिया हिंद, जमीयत उलेमा-ए-हिंद का हिस्सा है।
रमज़ान का चांद दिखने के बाद अगले दिन से पवित्र महीने का आगाज़ हो जाता है और अगले 30 दिन तक मुस्लिम समुदाय के सदस्य सूरज निकलने से लेकर सूर्यास्त तक न कुछ खाते हैं और न पीते हैं और ज्यादा से ज्यादा वक्त अल्लाह की इबादत में लगाते हैं। साथ में शाम में मस्जिदों में विशेष नमाज़ अदा की जाती है जिसे ‘ताराहवी’ कहा जाता है। इस नमाज़ में पूरे कुरान का पाठ किया जाता है। यह सिलसिला ईद का चांद दिखने तक जारी रहता है। इस बार ईद 21 या 22 अप्रैल को पड़ सकती है।
दुनिया के कुछ हिस्सों में रमजान की शुरुआत
इस्लाम धर्म के पवित्र महीने रमजान की बुधवार को खाड़ी देशों में शुरुआत हो गयी। रमजान के महीने में इस्लाम धर्म को मानने वाले लोग एक महीने तक रोजा (उपवास) रखते हैं। अगले 30 दिन तक मुस्लिम समुदाय के सदस्य सूरज निकलने से लेकर सूर्यास्त तक कुछ नहीं खाते हैं और ज्यादा से ज्यादा वक्त अल्लाह की इबादत में लगाते हैं। (भाषा)