अयोध्या में राम मंदिर दान चोरी मामले में शुक्रवार को सीजेएम कोर्ट ने सोमवार (29 जून) तक आठों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अयोध्या की स्पेशल कोर्ट ने इस मामले पर सुनवाई की और इसके बाद सभी आरोपियों को अयोध्या जिला जेल भेज दिया गया।

इस मामले में चंपत राय के करीबी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, सुभाल चंद्र श्रीवास्तव, करुणेश पांडेय, मनीष यादव, अविनाश शुक्ला और रामशंकर मिश्रा को गिरफ्तार किया गया है।

आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया

मामले पर अयोध्या CJM कोर्ट के प्रॉसिक्यूशन ऑफिसर KC वर्मा ने कहा, “राममंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ाए पैसों, आभूषणों की चोरी की गई है। मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उन्हें सोमवार तक के लिए रिमांड पर भेजा गया है। उन्हें फिर सोमवार को कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा। उन्हें अभी ज्यूडिशियल कस्टडी (न्यायिक हिरासत) में भेजा गया है।”

79 लाख से अधिक रुपये बरामद

आगे कहा, “आरोपियों से अब तक कुल मिलाकर ₹79,85,493 बरामद किए गए हैं। आरोपियों में से केवल एक सुभाष से कुछ भी बरामद नहीं हुआ, हालांकि वह साजिश में शामिल था। बाकियों से अलग-अलग रकम बरामद हुई। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) से जुड़ी स्पेशल कोर्ट आज नहीं बैठी थी। आज कामकाज का दिन नहीं था।”

एसबीआई के कई कर्मचारी चोरी में शामिल

KC वर्मा ने आगे कहा, “आज छुट्टी होने के कारण सोमवार तक की रिमांड दी गई। शामिल लोगों में सरकारी कर्मचारी और सरकार से सैलरी पाने वाले लोग हैं, और उनमें SBI के कई कर्मचारी भी हैं। SBI से लगभग पाँच या छह लोग हैं।”

चंपत राय ने दिया इस्तीफा

इससे पहले श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने पद से इस्तीफा दे दिया है। साथ ही ट्रस्ट के मेंबर अनिल मिश्रा ने भी अपना पद छोड़ दिया है। चंपत राय के एक करीबी सूत्र ने बताया, “जब ऐसे आरोप लग रहे हों तो पद छोड़ना ही ठीक है। ऐसा निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच सुनिश्चित करने के लिए किया गया है। इस मामले में अब एफआईआर दर्ज हो चुकी है।”

कब दर्ज हुई थी शिकायत?

गुरुवार शाम को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े कृष्ण मोहन की शिकायत पर राम जन्मभूमि पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके बाद पुलिस ने आठ लोगों को गिरफ्तार किया था।

यह भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा केस: ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा ने दिया इस्तीफा

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा ने भी अपना पद छोड़ दिया है। अयोध्या में स्थित राम मंदिर में चढ़ावा विवाद के मामले में यह एक अहम घटनाक्रम है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें