अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले में अब तक का बड़ा खुलासा सामने आ रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपियों के पास सबसे अधिक नकदी अविनाश शुक्ला नाम के शख्स के पास मिली है। इधर पुलिस ने बुधवार को आरोपी लवकुश मिश्रा और अनुकल्प मिश्रा के घर छापेमारी की है।
इस मामले में अयोध्या पुलिस ने अविनाश शुक्ला, लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा, रमाकांत मिश्रा, करुणेश पांडेय, रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव और मनीष यादव (टिन्नू का भतीजा) समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया। सोमवार को कोर्ट ने इन आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
अयोध्या पुलिस को अलग-अलग आरोपियों के पास नकदी, अमेरिकी करेंसी डॉलर और गहने जांच के दौरान मिले हैं। पुलिस के अनुसार, आठ में से 7 आरोपियों ने पूछताछ के दौरान माना है कि यह सभी मंदिर में चढ़ावे के गिनती के दौरान चोरी और गबन किया गया था। आगे यह भी बात सामने आई कि पुलिस की कार्रवाई से पहले ट्रस्ट ने ही आरोपियों से कुछ नकदी वापस ले ली थी।
सबसे अधिक रकम अविनाश के पास बरामद
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सबसे अधिक रकम अविनाश शुक्ला के पास से बरामद हुई है। पुलिस ने इससे मंगलवार को जेल में करीबन तीन घंटे से अधिक पूछताछ की। इस दौरान उसने माना है कि चढ़ावे की रकम की गिनती के दौरान चोरी और गबन किया गया। उसने शेष रकम ट्रस्ट को वापस करने की बात भी कही।
इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर ट्रस्ट की ओर से रखी गई नकदी बरामद की। अविनाश शुक्ला के पास से 20 लाख 39 हजार 220 रुपये बरामद हुए। साथ ही 1121 अमेरिकी डॉलर, एक चांदी जैसी धातु और पीली धातु के दो चेन और एक अंगूठी बरामद की गई है।
अविनाश के पास मिली करेंसी
- 500 के 3609 नोट- 18,04,500 रुपये
- 200 के 597 नोट- 01,15,800 रुपये
- 100 के 1182 नोट- 01,18,200 रुपये
- 50 के 5 नोट- 250 रुपये
- 20 के 21 नोट- 420 रुपये
- 10 के 5 नोट- 50 रुपये
कुल 20,39,220 रुपये
- 100 डॉलर के 8 नोट 800 डॉलर
- 50 के 2 नोट- 100 डॉलर
- 20 के 9 नोट- 180 डॉलर
- 10 के 3 नोट- 30 डॉलर
- 5 के 2 नोट- 10
- एक डॉलर का एक नोट
कुल 1121 डॉलर यानी भारतीय करेंसी में 1,06,657.10 रुपये
अनुकल्प मिश्रा के पास से 16 लाख बरामद हुए
दूसरे आरोपी अनुकल्प मिश्रा के पुलिस ने 26 जून को पूछताछ के दौरान बताया कि उसने भी चढ़ावे की रकम की गिनती के दौरान चोरी और गबन किया। साथ ही ट्रस्ट को पैसे वापस करने की बात भी कही। इसके बाद पुलिस ने निशानदेही पर ट्रस्ट की ओर से रखी गई नकदी बरामदी की, जिसमें 16 लाख 82 हजार 40 रुपये बरामद हुए। ऐसे ही पूछताछ में लवकुश मिश्रा से 14 लाख 25 हजार रुपये बरामद हुए।
इसके अलावा, आरोपी रमाकांत मिश्रा से 7 लाख 32 हजार 170 रुपये, मनीष यादव (टिन्नू के भतीजे) से 2 लाख रुपये बरामद हुए, करुणेश पांडेय से 18 लाख 07 हजार 63 रुपये बरामद हुए और रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव से 1 लाख रुपये की रकम बरामद हुई।
करुणेश पांडेय के पास से कितने रुपये मिले?
500 के 3600 नोट- 18,00,000 रुपये
200 के 33 नोट-6,600 रुपये
20 के 2 नोट- 40 रुपये
5 का एक नोट- 5 रुपये
20 के 3 सिक्के- 60 रुपये
10 के 20 सिक्के- 200 रुपये
5 के 21 सिक्के- 105 रुपये
2 के 23 सिक्के- 46 रुपये
1 के 7 सिक्के- 7 रुपये
कुल 18,07,063 रुपये
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में एसआईटी अपनी अंतिम रिपोर्ट 10 जुलाई के बाद सौंप सकती है।
यह भी पढ़ें: महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ी, ICU में भर्ती
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास को यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन होने की वजह से लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
